सहरसाः भैंस चोरी के आरोप में दो युवकों की मॉब लिंचिंग, एक युवक की मौत
सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के सोनबरसा राज थाना क्षेत्र के गढ़ अमृता गांव में मॉब लिंचिंग का मामला प्रकाश में आया है, जहां भैंस चोरी के आरोप में लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक एक युवक की मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के वक्त मौजूद लोगों में से किसी ने भी उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की। मृतक युवक की पहचान रूपेश पासवान की रूप में की गई है, जो पतरघट ओपी क्षेत्र के करीअत गांव का रहने वाला था।

वहीं घायल युवक की पहचान जस्सी यादव के रूप में हुई है। घायल युवक ने बताया कि हम लोग घूमकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव में भैंस चोरी को लेकर लोगों ने शोर मचाया और पकड़ लिया फिर खूब मारपीट की। वहीं घायल युवक के चाचा ने बताया कि भैंस चोरी के आरोप में अमृता गांव के नवटोलिया के पास लोगों ने दोनों को पकड़ कर जमकर पिटाई की। इससे रूपेश की जान चली गई और जस्सी जख्मी है।
वहीं, इस मामले को लेकर सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इम्तियाज अहमद ने बताया कि रविवार देर रात का है। भैंस चोरी के आरोप में दो युवकों की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की। इसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तो वहीं दूसरा युवक जख्मी है। शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। इस मामले को पुलिस गंभीरता से ले रही है। मामला दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications