बिहारः रोहतास में आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत
रोहतास। बिहार के रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से एक किशोरी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के घरों में कोहराम मच गया। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। बभनौत के रहने वाले मुन्ना यादव और रवींद्र सिंह ने बताया कि ललन सिंह का पुत्र मंतोष कुमार खेत में भैंस चरा रहा था। इस दौरान वह मोबाइल से किसी से बात कर रहा था कि तभी बारिश शुरू हो गई।

अचानक ही उसपर बिजली गिर पड़ी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। बभनौल मठिया टोला के खेत में पिपरमिंट पौधे की कटाई कर रही एक किशोरी चुनमुनी कुमारी (15 साल) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। किशोरी के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि मृतक सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के अगरेड खुर्द निवासी दीनानाथ राम की पुत्री थी, जो अपनी बड़ी बहन के घर बभनौल आई थी। सोमवार को वह खेत में मजदूरी करने गई थी।
इसी दौरान यह घटना घट गई। इसके अलावा टावा पंचायत अंतर्गत बहुआरा गांव निवासी रूप नारायण राम सड़क के किनारे अपनी बकरी चरा रहे थे, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उनकी घटनास्थल पर मौत हो गई। तीनों शवों को पुलिस कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम कराने में जुट गई है। इस संबंध में पूछे जाने पर सीओ अजीत कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से प्रखंड के दो गांवों में तीन की मौत हो गई है। तीनों मृतकों के परिजनों को प्राकृतिक आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा की राशि चार-चार लाख दिए जाने संबंधी आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है।












Click it and Unblock the Notifications