बिहार: ‘एक जिलाधिकारी ऐसा भी’, रोहतास DM धर्मेंद्र कुमार की सादगी के कायल हुए ग्रामीण
रोहतास के जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार अपनी कार्यशैली से लोगों को अपना मुरीद बना रहे हैं। अक्सर वह किसी न किसी विषय पर लोगों के बीच वह चर्चा का विषय बने रहते हैं।
रोहतास, 8 जुलाई 2022। रोहतास के जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार अपनी कार्यशैली से लोगों को अपना मुरीद बना रहे हैं। अक्सर वह किसी न किसी विषय पर लोगों के बीच वह चर्चा का विषय बने रहते हैं। चाहे वह जल नल योजना की जांच के लिए टंकी पर चढ़ कर जायज़ा लेना हो या फिर देर रात दिव्यांग की खैरियत लेने का मुद्दा हो या फिर कहीं औचक निरीक्षण में पहुंचना हो, उनकी बेबाकी भरा अंदाज़ लोगों को खूब पसंद आ रहा है। रोहतास के डीएम धर्मेंद्र कुमार की सादगी एक बार फिर से सुर्खियों में है। धर्मेंद्र कुमार राजपुर के विभिन्न विद्यालयों में औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान वह अलग-अलग विद्यालयों में विभिन्न भूमिकाओं में नज़र आए।

डीएम की सादगी के क़ायल हुए ग्रामीण
डीएम धर्मेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण के दौरान राजपुर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय (सेबेया) में बच्चों के साथ बरामदे पर बैठकर मिड डे मील का जायका लिया। जब उन्होंने बच्चों के साथ खिचड़ी और चोखा खाया तो लोग उनका अंदाज़ देख उनकी सादगी के कायल हो गए। जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार समेत दूसरे पदाधिकारियों ने भी बरामदे पर बैठकर बच्चों के साथ खिचड़ी और चोखा का स्वाद लिया। सभी पदाधिकारियों का अनोखा अंदाज़ देख ग्रामीणों ने सभी की जमकर तारीफ़ की।

बरामदे में बैठकर बच्चों के साथ खाया खाना
राजपुर प्रखंड के 8 पंचायतों की योजनाओं की जांच के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार पूरे प्रशासनिक टीम के साथ औचक निरीक्षण पर निकले थे। निरीक्षण के दौरान वह दोपहर में अचानक उत्क्रमित मध्य विद्यालय पहुंचे जहां बच्चों के लिए मिड-डे-मील की तैयारी चल रही थी। उन्होंने खाना बनते देख खुद ही बच्चों के साथ खाना खाने की ख्वाहिश का इज़हार किया। जिसके बाद जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार समेत सभी पदाधिकारियों ने बच्चों के साथ बरामदे में बैठकर खिचड़ी और चोखे का ज़ायका लिया।

भोजन करने के दौरान बच्चों से किया संवाद
बच्चों के साथ खाना खाने के दौरान धर्मेंद्र कुमार ने बच्चों से बातचीत करते रहे और सप्ताह भर के खाने की सूची के बारे में भी जानकारी ली। डीएम से बात करने के दौरान बच्चों ने बताया कि कभी खाना सही रहता है तो कभी दाल अच्छी नहीं रहती है और सब्ज़ी भी जायकेदार नहीं होती है। बच्चों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए डीएम धर्मेंद्र कुमार ने मौक़े पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही कहा कि खाने की गुणवत्ता में कमी नहीं आए इसका पूरा खयाल रखा जाए।

डीएम धर्मेंद्र कुमार ने दी बच्चों को तालीम
राजकीय मध्य विद्यालय लाल बिहारी नगर, मंगरवलिया में जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बच्चों की अंग्रेजी की क्लास ली और सभी छात्रों को अंग्रेजी की तालीम भी दी। आपको बता दें की रोहतास में इन दिनों सरकारी स्कूलों में गुणवत्ता सुधार के लिए पुरज़ोर कोशिश की जा रही है। इसी के मद्देनज़र सभी विभागीय और प्रशासनिक अधिकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर रहें हैं। इस बाबत डीएम धर्मेंद्र कुमार भी सख़्त हैं, इसलिए ही उन्होंने पंचायत योजनाओं की जांच के लिए प्रशासनिक अमले के साथ औचक निरीक्षण किया।
ये भी पढ़ें: बिहार: कपड़ा व्यवसाय की आड़ में हो रहा था काला धंधा, पुलिस ने किया गिरफ़्तार












Click it and Unblock the Notifications