'मेरे साथ जो हुआ वो सह गया लेकिन' रोहिणी आचार्य को घर से निकाले जाने पर आगबबूला हुए भाई तेज प्रताप,दी चेतावनी
Rohini Acharya Row: बिहार चुनाव में करारी हार का सामना करने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमों लालू यादव में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। लालू परिवार में चल रही आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। चुनाव परिणाम आने के 24 घंटे बाद ही लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने पार्टी और परिवार त्यागने का ऐलान कर दिया, जिसके बाद उन्हें घर से बाहर निकाल दिया।
बहन रोहिणी आचार्य के साथ हुए इस व्यवहार के बाद लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव आगबबूला हो गए हैं और कड़ी चेतावनी दे डाली है। याद रहे 2025 विधानसभा चुनाव से पहले ही पार्टी के भीतर "बड़े खेल" की आशंका भी जताई है।

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी बहन रोहिणी आचार्य के कथित अपमान पर नाराजगी जताते हुए 17 नवंबर (सोमवार) को एक्स हैंडल पर एक पोस्ट लिखी और अपनी बहन के समर्थन में आवाज उठाई।
तेज प्रताप बोले- मेरे साथ जो हुआ वो सह लिया लेकिन...
तेज प्रताप यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "हमारी रोहिणी दीदी के साथ जो दुर्व्यवहार जयचंदों द्वारा किया गया, इस घटना ने दिल को भीतर से झकझोर दिया है। मेरे साथ जो हुआ, वह मैं सह गया, लेकिन मेरी बहन के साथ जो अपमान हुआ वह किसी हाल में असहनीय है।"
तेज प्रताप ने दी चेतावनी
तेज प्रताप यादव ने आगे कहा, "सुन लो जयचंदों, परिवार पर वार करोगे तो बिहार की जनता तुम्हें कभी माफ नहीं करेगी।" पार्टी के एक्स हैंडल से भी इसी चेतावनी को दोहराया गया, जिसमें लिखा , "हम किसी भी हालत में अपनी बहन का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। जयचंदों को इस दुर्व्यवहार का परिणाम जरूर चुकाना पड़ेगा!"
रोहिणी ने संजय, रमीज पर लगाया था गंभीर आरोप
तेज प्रताप का यह बयान ऐसे समय आया है जब रोहिणी आचार्य ने पार्टी और परिवार से दूरी बना ली है।गौरतलब है कि रोहिणी आचार्य ने 15 नवंबर को पार्टी और परिवार छोड़ने की जानकारी दी थी। उस पोस्ट में उन्होंने संजय यादव और रमीज का नाम लिया था, जिसके बाद से परिवार के भीतर के घटनाक्रमों की कहानी सामने आने लगी।
तेज प्रताप ने किसको कहा जयचंद?
यह पूरा विवाद विधानसभा चुनावों में आरजेडी की करारी हार के लिए तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव को जिम्मेदार ठहराने से शुरू हुआ। संजय यादव पहले से ही तेज प्रताप यादव के निशाने पर हैं, जिन्हें वह "जयचंद" कहकर संबोधित कर चुके हैं। अब तेज प्रताप अपनी बहन रोहिणी के समर्थन में मजबूती से खड़े दिख रहे हैं।
तेज प्रताप को भी लालू परिवार घर से बाहर निकाल चुका है
बता दें, मई 2025 में सोशल मीडिया पर तेज प्रताप यादव की उनकी गर्लफ्रेंड के साथ फोटो के जल्द शादी के ऐलान संबंधी पोस्ट वायरल हुई थी। जिसके चंद घंटे बाद ही तेज प्रताप को आरजेडी से 6 सालों के लिए निष्काषित कर दिया गया था और लालू परिवार से भी बाहर कर दिया था। जैसे अब आरजेडी को चुनाव में मिली करारी हार के बाद घर की बेटी रोहिणी आचार्य के साथ किया गया है।
तेज प्रताप ने अलग पार्टी बनाकर लड़ा था बिहार चुनाव
तेज प्रताप यादव को परिवार और घर से बेदखल किए जाने के बाद उन्होंने अपनी अलग पार्टी बनाकर महुआ से चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा। यह घटनाक्रम बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications