तेजस्वी के हाथ RJD की कमान—लेकिन दौलत में कौन है नंबर-1? भाई तेजप्रताप, बहन रोहिणी,मीसा की संपत्ति ने चौंकाया
राष्ट्रीय जनता दल में बड़ा सियासी बदलाव हो चुका है। पार्टी की कमान अब सीधे तौर पर तेजस्वी यादव के हाथ में है। भले ही लालू प्रसाद यादव औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहें, लेकिन कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह साफ है कि अब पार्टी के फैसले तेजस्वी ही लेंगे।
ऐसे में राजनीति के साथ-साथ एक सवाल लोगों के मन में तेजी से घूम रहा है। आखिर तेजस्वी यादव के पास कितनी संपत्ति है। और लालू परिवार में भाई-बहनों में कौन सबसे ज्यादा अमीर है।

🟡 तेजस्वी यादव की कुल संपत्ति कितनी? (Tejashwi Yadav Net Worth)
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग को जो हलफनामा सौंपा था, उसमें उनकी संपत्ति का पूरा ब्योरा दिया गया है। इस एफिडेविट के मुताबिक तेजस्वी यादव की कुल नेटवर्थ करीब 8.1 करोड़ रुपये है। इसमें से 6.12 करोड़ रुपये चल संपत्ति और लगभग 1.88 करोड़ रुपये अचल संपत्ति के रूप में दर्ज हैं।
नामांकन के समय तेजस्वी यादव के पास करीब 1.5 लाख रुपये नकद थे, जबकि उनके अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये जमा बताए गए हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि उन्होंने अपने हलफनामे में एक इटली मेड पिस्टल और लगभग एक लाख रुपये कीमत के 50 जिंदा कारतूस होने की जानकारी भी दी है।
🟡कर्ज भी है तेजस्वी यादव के नाम (Tejashwi Yadav Loan Details)
तेजस्वी यादव ने सिर्फ संपत्ति ही नहीं, बल्कि अपने ऊपर मौजूद कर्ज की जानकारी भी चुनाव आयोग को दी है। हलफनामे के मुताबिक उनके ऊपर करीब 1.35 करोड़ रुपये की सरकारी देनदारियां हैं। इसके अलावा 55.55 लाख रुपये का एक संयुक्त कर्ज भी है, जो उनके भाई तेज प्रताप यादव और मां राबड़ी देवी के साथ लिया गया था।
🟡 पांच साल में कितना बढ़ा तेजस्वी का माल? (Tejashwi Yadav Asset Growth)
अगर पिछले पांच वर्षों का हिसाब देखें तो तेजस्वी यादव की संपत्ति में तेज बढ़ोतरी हुई है। साल 2020 के चुनावी हलफनामे में उनकी कुल संपत्ति 5.88 करोड़ रुपये थी। यानी पांच साल में उनकी नेटवर्थ करीब 2 करोड़ रुपये बढ़ी है। उस समय उनके पास नकद 1.20 लाख रुपये और बैंक में लगभग 31 लाख रुपये जमा थे।
🟡 पत्नी राजश्री यादव भी करोड़पति (Rajshree Yadav Net Worth)
तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव भी संपत्ति के मामले में पीछे नहीं हैं। हलफनामे के अनुसार उनकी कुल नेटवर्थ करीब 1.88 करोड़ रुपये है। इसमें 59.69 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। खास बात यह है कि राजश्री यादव पर किसी तरह का कोई कर्ज नहीं है।
आभूषणों की बात करें तो तेजस्वी यादव के पास जहां 200 ग्राम सोने के गहने हैं, वहीं राजश्री यादव के पास 480 ग्राम सोने के आभूषण और 2 किलो से ज्यादा चांदी दर्ज है। नकदी के रूप में उनके पास करीब 1 लाख रुपये बताए गए हैं।
🟡 तेज प्रताप यादव की संपत्ति कितनी? (Tej Pratap Yadav Net Worth)
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने हलफनामे में कुल संपत्ति करीब 2.88 करोड़ रुपये घोषित की है। इसमें 91.65 लाख रुपये चल संपत्ति और लगभग 1.96 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है।
तेज प्रताप यादव के पास नकद 1.10 लाख रुपये हैं। उनके नाम BMW कार, Honda Amaze और Skoda जैसी तीन गाड़ियां दर्ज हैं। साथ ही उनके पास करीब 200 ग्राम सोने की ज्वेलरी भी है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई गई है। हलफनामे के मुताबिक उनके खिलाफ 8 आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
🟡रोहिणी आचार्य की दौलत सबसे भारी? (Rohini Acharya Net Worth)
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य संपत्ति के मामले में परिवार में सबसे आगे नजर आती हैं। उनके नाम करीब 8.83 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। इसके अलावा उनके पास 495 ग्राम सोना, करीब 5.5 किलो चांदी और लाखों रुपये के कीमती रत्न हैं।
रोहिणी आचार्य के पति समरेश सिंह सिंगापुर में स्थित एक बड़ी कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनके नाम भी लगभग 8.08 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। दोनों की संयुक्त नेटवर्थ करीब 15 करोड़ रुपये के आसपास आंकी जाती है। उनके तीन बच्चों के नाम भी लाखों रुपये की संपत्ति दर्ज है।
🟡मीसा भारती की संपत्ति का हिसाब (Misa Bharti Net Worth)
2024 के चुनावी हलफनामे के अनुसार मीसा भारती के पास लगभग 1.46 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और करीब 4.69 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उनके पति के पास भी लगभग 4.69 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है।
मीसा भारती के पास करीब डेढ़ किलो सोना, चार किलो चांदी और कीमती रत्न हैं। उन्होंने शेयर मार्केट में भी निवेश किया हुआ है। उनकी बेटियों के नाम भी चल और अचल संपत्ति दर्ज है, जबकि बेटे के नाम कोई संपत्ति घोषित नहीं की गई है।
🟡 तो आखिर कौन है लालू परिवार में सबसे अमीर? (Richest Member in Lalu Family)
अगर आंकड़ों को देखा जाए तो व्यक्तिगत तौर पर तेजस्वी यादव राजनीतिक रूप से सबसे ताकतवर हैं, लेकिन संपत्ति के मामले में बहन रोहिणी आचार्य सबसे आगे दिखाई देती हैं। पति के साथ मिलाकर उनकी नेटवर्थ परिवार में सबसे ज्यादा है। इसके बाद तेजस्वी यादव और फिर मीसा भारती व तेज प्रताप यादव का नंबर आता है।












Click it and Unblock the Notifications