'बिहार भगवान भरोसे', VIP पार्टी चीफ के पिता की हत्या के बाद विपक्ष ने मांगा NDA सरकार से जवाब
VIP Party Chief's Father Murder: बिहार के दरभंगा में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईआपी) के प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की घर में हत्या करने का सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसके बाद विपक्षी दलों ने बीजेपी और जेडीयू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आरजेडी ने इस घटना को लेकर NDA सरकार को घेरा है।
मंगलवार सुबह मुकेश सहनी के पिता 70 वर्षीय जीतन सहनी का क्षत-विक्षत शव दरंभगा के घनश्यामपुर थाना के जीरत गांव स्थित उनके घर पर मिला। जहां अकेले ही रहते थे। इस घटना के बाद आरजेडी ने बिहार में 'जंगल राज' का आरोप लगाया।

"बिहार भगवान की दया पर है"
आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने नीतीश सरकार पर को घेरते हुए कहा कि सीएम को शायद पता भी नहीं है कि क्या हो रहा है? यादव ने कहा, "बिहार में क्या हो रहा है? कोई दिन बिना हत्या के नहीं जाता...मुख्यमंत्री बेहोशी की हालत में हैं। उन्हें शायद अब तक पता भी नहीं होगा कि राज्य में कुछ हुआ है। बिहार में कोई भी राजनीतिक नेता सुरक्षित नहीं है...व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। बिहार भगवान की दया पर है।"
'यह 'महा-जंगलराज' है'
आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने बीजेपी-जेडीयू सरकार पर 'जंगलराज' चलाने का आरोप लगाया और राज्य सरकार से जवाब मांगा है। तिवारी ने एएनआई से कहा, "बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर बिहार में नेताओं के परिवार सुरक्षित नहीं हैं, तो इसका साफ मतलब है कि आम आदमी भगवान की दया पर है। बीजेपी और एनडीए के नेता इस पर चुप क्यों हैं? उन्हें सामने आकर बोलना चाहिए। यह 'महा-जंगलराज' है।"
सांसद पप्पू यादव ने सरकार को घेरा
जीतन सहनी की हत्या पर निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "बिहार में लगातार, हत्या, घटनाएं और बच्चियों का शोषण हो रहा है। एक दिन पहले दो बच्चों की हत्या कर दी गई, इससे पहले मुजफ्फरपुर में नौकरी के नाम पर शारीरिक और यौन शोषण, बिहार के हर ज़िले में हत्या का सिलसिला और आज एक संघर्षशील नेता के पिता की हत्या, पूरा बिहार अपरधियों की चंगुल में है। अपराधी और नेता के गठजोड़ से बिहार चल रहा है। नीतीश बाबू के सुशासन का क्या हुआ? क्या यही सुशासन है? मैं इस हत्या के हत्यारे की गिरफ्तारी, SPG ट्रायल की मांग करता हूं।"
हत्या पर डिप्टी सीएम का बयान
वहीं घटना पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "मुकेश सहनी के पिता की हत्या अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं। दुख का विषय है, मैं सरकार की तरफ से स्पष्ट करना चाहता हूं कि शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सरकार मुकेश सहनी के परिवार के साथ खड़ी है।"
दरभंगा पुलिस ने जारी किया अपडेट
दरभंगा पुलिस ने राज्य के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की बिरौल थाना अंतर्गत हुई हत्या के संबंध में अपडेट जारी किया है। बिहार के मंत्री नितिन नवीन के अनुसार तत्काल प्रभाव से एसआईटी का गठन किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications