'बाहुबली विधायक' के सहारे पाटलिपुत्र सीट जीतना चाहती है राजद, जानिए क्यों तेज़ हुई सियासी गलियारों में चर्चा
RJD MLA Ritlal Yadav News: बिहार में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ चुका है। राजनीतिक पार्टियां सियासी ज़मीन मज़बूत करने में जुटी हुई हैं। वहीं बिहार की 40 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के लिए भी मंथन शुरू हो चुका है। इसी बीच 'INDIA गठबंधन' के नेता भी अपने लिए टिकट की दावेदारी ठोकने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
राजद के बाहुबली विधायक रीतलाल यादव ने लोकसभा चुनाव में दांव आज़माने का मन बना लिया है। उन्होंने पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से चुनावी दांव खेलने की ख्वाहिश का इज़हार किया है। मीडिया से मुखातिब होते हुए रीतलाल यादव ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बड़ी बहन मीसा भारती का अगर आदेश हुआ वह पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे।

राजद विधायक रीतलाल यादव ने कहा कि मीसा भारती का निर्देश नहीं होने पर वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, जिस प्रत्याशी को टिकट मिलेगा उसकी मदद करेंगे और जिताएंगे। सियासी गलियारों में यह भी चर्चा तेज़ है कि पाटलिपुत्र सीट पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या भी चुनावी दांव खेल सकती है।
'INDIA गठबंधन' की सहयोगी दल भाकपा माले भी पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। हालांकि महागठबंधन की तरफ़ से सीट बंटवारे को लेकर कोई चर्चा नहीं है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगली बैठक में सीट शेयरिंग से पर्दा उठ जाएगा।
आपको बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जब मीसा भारती पाटलिपुत्र सीट से हार गई थीं तो, उन्हें लालू प्रसाद ने यादव ने राजद कोटे से राज्यसभा भेज दिया था। 'INDIA गठबंधन' में सीटों का बंटवारा नहीं होने की वजह से अभी लोकसभा सीटों पर संभावनाओं की सियासत जारी है। पाटलिपुत्र से राजद प्रत्याशी चुनावी ताल ठोकेंगे या माले के खाते में यह सीट जाती है। यह तो वक्त ही बताएगा। फिल्हाल महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मतभेद की खबर सामने आने लगी है।












Click it and Unblock the Notifications