भूत के डर से बंगला छोड़ने वाले लालू के बेटे ने सरकारी जमीन पर बनवा दिया मंदिर!
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के विधायक तेज प्रताप यादव पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बिना किसी के अनुमति के मंदिर बनवा दिया है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप पर राज्य सरकार की जमीन पर अवैध कब्जा कर मंदिर बनवाने का आरोप है। मंदिर पर लगे शिलापट्ट पर मंदिर की स्थापना की तारीख 28 अगस्त 2017 बताई गई है। मंदिर पर लगे शिलापट्ट पर तेज प्रताप यादव और उनके भाई तेजस्वी यादव के उद्घाटन करने की बात लिखी है।

आरोपों के सामने आने के बाद राज्य की भाजपा-जदयू सरकार ने जांच की बात कही है। लोक निर्माण मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा है कि सरकार के संज्ञान में ये मामला आया है, हालांकि अभी इस मामले की प्राथमिक जानकारी ही मिली है। मंत्री ने कहा कि हम इस दिशा में आगे की जांच कराएंगे और जो दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी। तेजप्रताप की इसको लेकर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।


तेज प्रताप लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं, गुरुवार को उन्होंने मंत्री रहते हुए मिला अपना सरकारी आवास खाली करते हुए कहा कि यह बंगला भुतहा है, जिसके कारण वह इसे खाली कर रहे हैं। पूर्व मंत्री ने कहा, 'मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मुझे डराने और परेशान करने के लिए बंगले में भूत छोड़ दिया था। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि मैंने वह कोठी छोड़ने का फैसला किया क्योंकि नीतीश और उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इसमें भूत छोड़ दिया था। वे भूत मुझे परेशान कर रहे थे। पूर्ववर्ती सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद उन्हें पटना के 3-देशरत्न मार्ग पर बंगला आवंटित किया गया था। जिसमें वह सरकार गिरने के सात महीने बाद भी रह रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications