JDU कार्यकर्ता की हत्याकांड मामले में सजा काट रही RJD की पूर्व विधायक कुंती देवी का निधन
पटना। जदयू कार्यकर्ता की हत्याकांड मामले में जेल की सजा काट रहीं पूर्व राजद विधायक कुंती देवी का पीएमसीएच में इलाज के दौरान निधन हो गया। बता दें कि दिवंगत कुंती देवी अतरी विधानसभा से विधायक रह चुकी थीं। इसी साल 23 जनवरी को पूर्व विधायक कुंती देवी को जदयू कार्यकर्ता सुमीरक यादव हत्याकांड मामले में कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद पूर्व विधायक कुंती देवी ने बीमारी का हवाला देते हुए छूट मांगी थी। लेकिन कोर्ट ने किसी भी तरह की छूट नहीं दी थी।

कुंती देवी की दोनों किडनी करीब 80 प्रतिशत खराब हो चुकी थी। 23 जनवरी को सजा सुनाए जाने के बाद तबीयत खराब होने पर औरंगाबाद जेल की महिला वार्ड से पीएमसीएच में 27 जनवरी को भर्ती करवाया गया था। तब से वह वहीं थीं। परिजनों के मुताबिक कुंती देवी पीएमसीएच में ही कोरोना की चपेट में आई, जिससे उनका निधन हो गया।
बता दें कि बीते सोमवार को जदयू नेता और नीतीश कैबिनेट में मंत्री रहे मेवालाल चौधरी का कोरोना के चलते निधन हो गया था। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेवालाल चौधरी मुंगरे के तारापुर विधानसभा सीट से विधायक थे। मेवालाल चौधरी कृषि विश्वविद्यालय के वीसी रहते नियुक्तियों में गड़बड़ी के चलते चर्चा में आए थे। इसके चलते ही उन्हें शपथ ग्रहण के एक दिन बाद ही इस्तीफा देना पड़ा था।
बता दें कि पिछले 24 घंटे यानी कि बीते हुए गुरुवार को 11 हजार 489 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 59 लोगों की जान चली गई। बीते गुरुवार को 101063 लोगों की जांच की गई थी, जबकि बुधवार को 105980 लोगों की जांच की गई थी और बुधवार को 24 घंटे में 12222 नए मामले आए थे। नए कोरोना संक्रमितों के मिलने पर अब बिहार में एक्टिव मामलों की संख्या 69,868 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications