Riya Kumari: IAS अधिकारी से सैनिटरी पैड के लिए की बहस, अब कंपनी की ओर से मिला बड़ा ऑफर
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर। बिहार की आईएएस अधिकारी हरजोत कौर (IAS Harjot Kaur) की रिया कुमारी के साथ हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर पिछले दिनों काफी वायरल हुआ था। लोगों ने देखा कि कैसे रिया कुमारी ने सैनेटरी पैड की मां उठाई तो आईएएस अधिकारी ने शर्मसार करने वाला बयान दिया और कहा आज सैनेटरी पैड मांग रही, कल कंडोम। आईएएस अधिकारी के साथ हुई बहस के बाद अब रिया कुमारी एक बार फिर से चर्चा में हैं। दरअसल रिया को एक कंपनी ने अपने सैनेटरी पैड के विज्ञापन के लिए चुना है।

कंपनी कराएगी विज्ञापन
कंपनी की ओर से रिया के अकाउंट में 4000 रुपए ट्रांसफर किए गए है। रिया को पहले ही पूरी पढ़ाई का खर्च और मुफ्त सैनेटरी पैड देने का कंपनी की ओर से ऐलान किया जा चुका है। कंपनी के अधिकारी ने बताया कि हम रिया को पूरे एक साल तक मुफ्त सैनेटरी पैड देंगे। इसके अलावा ग्रेजुएशन के लिए हर वर्ष 8 हजार रुपए देंगे। यह पैसे तीन साल तक दिए जाएंगे। लेकिन इन आर्थिक मदद के साथ कंपनी रिया से विज्ञापन कराने का भी मन बना रही है।
लाखों मेरे जैसी लड़कियों को जरूरत
रिया ने खुद इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि मैंने कंपनी से किसी भी तरह की कोई डिमांड नहीं की है। मेरी जैसी लाखों रिया हैं जो मौलिक दिक्कतों का हर रोज सामना कर रही हैं। उनके पास सैनेटरी पैड का अभाव है। हर किसी को सैनेटरी पैड मुफ्त में मिलना चाहिए। लाखों लड़कियां मेरे जैसी हैं जिन्हें मुफ्त सैनेटरी पैड मिलना चाहिए। उनके पास इसका अभाव है। सबकी दिक्कत का समाधान होना चाहिए।

सरकार की ओर से कोई ऐलान नहीं
बता दें कि सरकार की ओर से रिया को किसी भी तरह की सुविधा अभी तक मुहैया नहीं कराई गई है। बता दें कि 27 सितंबर को पटना में एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आईएएस अधिकारी के साथ हुई बहस के बाद रिया चर्चा में आई थीं। समाज कल्याण विभाग की ओर से सशक्त बेटियां समृद्ध बिहार विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमे झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाली लड़कियां भी आई थीं।
क्या था पूरा मामला
कार्यक्रम के दौरान रिया ने कहा था कि लड़कियों को स्कूल में सैनेटरी पैड दिया जाना चाहिए, जोकि सिर्फ 20-30 रुपए में आता है। लड़कियों को इसकी वजह से काफी परेशानी होती है। रिया की इस मांग पर हरजोत कौर ने कहा कि आज सैनेटरी पैड मांग रही हैं, कल जींस मांगोगी, कुछ दिन बाद परिवार नियोजन के लिए निरोध मांगोगे। हरजोत कौर के इस बयान की काफी निंदा हुई थी। हालांकि बाद में हरजोत ने अपने बयान पर माफी मांगी थी। इस मामले के सुर्खियों में आने के बाद रिया की मदद के लिए सैनेटरी पैड बनाने वाली एक कंपनी ने हाथ बढ़ाया था।












Click it and Unblock the Notifications