क्या लालू यादव के बेटों में है तकरार, भाई के भाषण के बीच में ही मंच छोड़ गए तेज प्रताप
पटना, 11 फरवरी। लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के भीतर दरार की खबरें सामने आ रही हैं। दरअसल लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप कार्यक्रम के बीच में ही उठकर चले गए जब उनके छोटे भाई तेजस्वी भाषण दे रहे थे। यह घटना उस वक्त हुई जब पटना में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लालू प्रसाद यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

बीच भाषण में छोड़ा मंच
लालू प्रसाद यादव मंच पर अपने दोनों बेटों के साथ बैठे थे। लेकिन जैसे ही तेजस्वी ने बोलना शुरू किया तेज प्रताप स्टेज से उतरकर चले गए। जिस तरह से बीच कार्यक्रम में तेज प्रताप अपने भाई के भाषण के दौरान बीच में ही उठकर चले गए, उसके बाद एक बार फिर से दोनों के बीच तकरार की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट की मानें तो दोनों भाइयों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है।

किस बात को लेकर है विवाद
दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद है कि आखिर आरजेडी का अगला अध्यक्ष कौन होगा। बहरहाल यह बात स्पष्ट है कि दोनों ही भाई पार्टी के अक्ष्यक्ष बनना चाहते हैं, इस बात के भी संकेत मिल रहे हैं कि लालू प्रसाद यादव पार्टी की कमान छोटे बेटे तेजस्वी यादव को दे सकते हैं। जिसके चलते तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच विवाद की बात सामने आई है। इससे पहले जब यह बात सामने आई कि लालू प्रसाद तेजस्वीर को आरजेडी का मुखिया बना सकते हैं तो तेज प्रताप ने कहा था कि इसका फैसला उनके पिता लालू प्रसाद यादव करेंगे।

तेज प्रताप ने खटास से किया इनकार
एक तरफ जहां तेज प्रताप और तेजस्वी यादव के बीच संबंधों में खटास की बात सामने आई हैं तो दूसरी तरफ तेज प्रताप ने कहा था कि हमारे बीच सबकुछ ठीक है और हम दोनों के बीच रिश्ते अच्छे हैं। तेज प्रताप अक्सर अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को अर्जुन कहते हैं जबकि खुद को कृष्ण बताते हैं। लेकिन जानकारों का कहना है कि जिस तरह से मंच छोड़कर बीच में तेज प्रताप चले गए वह अच्छे संकेत नहीं है। इससे बात को और भी मजबूती मिलती है कि दोनों नेताओं के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications