बिहार विधान परिषद चुनाव में 3 दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, समझिये सियासी समीकरण
बिहार विधान परिषद चुनाव की 24 सीटों पर हो रहे एमएलसी चुनाव के नतीजे सात अप्रैल को आएंगे।
पटना, 4 अप्रैल 2022। बिहार विधान परिषद चुनाव की 24 सीटों पर हो रहे एमएलसी चुनाव के नतीजे सात अप्रैल को आएंगे। इससे पहले बिहार के सियासी गलियारों में यह चर्चा का विषय़ बना हुआ कि इस चुनाव में किन दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। बिहार में मचे सियासी घमासान के बीच विधान परिषद का चुनाव होना काफ़ी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्योंकि बोंचहा सीट की वजह से मुकेश सहनी और भाजपा की ठन गई थी जिसकी वजह से मुकेश सहनी के सियासी सफ़र पर संकट में आ गया। बोंचहा से मुकेश सहनी की इज़्ज़त दांव पर लगी हुई है। इसके साथ ही मुंगेर में ललन सिंह, पटना में अनंत सिंह और वैशाली में तेजस्वी यादव की इज़्ज़त दांव पर लगी हुई है।

पटना से थे राजद के दो दबंग दावेदार
बिहार की राजधानी पटना से राष्ट्रीय जनता दल के दो दबंग दावेदार थे। जिसमे अनंत सिंह अपने सहयोगी कार्तिकेय को और रीतलाल अपने भाई को टिकट दिलाना चाहते थे। लेकिन राजद आलाकमान ने अनंत सिंह पर भरोसा जताते हुए पटना सीट से कार्तिकेय को उम्मीदवार घोषित कर दिया। ग़ौरतलब है कि खुद लालु यादव ने टिकट देने की घोषणा पटना में राबड़ी आवास पर की थी। उस वक्त तेजस्वी यादव, मीसा भारती के साथ ही रीतलाल यादव भी मौजूद थे। अनंत सिंह ने तेजस्वी यादाव से कहा था कि पटना सीट जीताने की ज़िम्मेदारी उनकी है। वहीं पटना सीट पर एनडीए गठबंधन की तरफ़ से वाल्मीकि सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में अनंत सिंह को अपने उम्मीदवार को जीत दर्ज करवाना प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है।

लालू परिवार का गढ़ है वैशाली क्षेत्र
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का विधानसभा वैशाली क्षेत्र में ही आता है। ग़ौरतलब है कि वैशाली क्षेत्र लालू परिवार का गढ़ है। इस सीट से राष्ट्रीय जनता दल के सीटिंग एमएलसी सुबोध राय मैदान में हैं। एन डीए गठबंधन की तरफ़ से लोक जनशक्ति पार्टी (पशुपति पारस) की टिकट पर भूषण राय चुनावी मैदान में उतरे हैं। इसलिए तेजस्वी यादव के लिए अपने गढ़ की सीट बचाना नाक का सवाल बन गई है। क्योंकि विपक्ष ने बिहार विधान परिषद में सभी सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया है। ऐसे में अगर तेजस्वी यादव अपने किले को भी महफ़ूज़ नहीं रख पाएंगे तो राजनीतिक एतबार से यह ग़लत संदेश जाएगा।

दांव पर जदयू के दिग्गज नेता की शाख
जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का संसदीय क्षेत्र मुंगेर है। जदयू ने पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद को यहां से चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने की टिकट पर अजय सिंह ने चुनावी बिगपल फूंका है। इसके साथ ही बौतरा निर्दलीय गुड्डू यादव चुनाव लड़ रहे हैं। ग़ौरतलब है कि गुड्डू यादव की पत्नी जिला परिषद सदस्य हैं। ललन सिंह की वजह से यह सीट हॉट बन चुकी है और ललन सिंह के लिए यहां से अपने प्रत्याशी को जीत दर्ज करवाना प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। फिलहाल सभी प्रत्याशियों की क़िस्मत का ताला 7 अप्रैल को खुलने वाला है।
ये भी पढ़ें: बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान शुरू, इस दिन आएंगे चुनाव परिणाम









Click it and Unblock the Notifications