राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह कोरोना से संक्रमित, पटना एम्स में भर्ती
पटना। राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह तबियत खराब होने पर पटना के एम्स में भर्ती हैं। उनके सैंपल की जांच की गई है जिसमें वे कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट की पुष्टि प्रदेश के हेल्थ डिपार्टमेंट ने कर दी है। जानकारी के मुताबिक, एक दिन पहले उनको कफ और बुखार की शिकायत हुई थी जिसके बाद वे इलाज के लिए पटना के एम्स में आए। जिस वक्त रघुवंश प्रसाद सिंह की सेहत खराब हुई उस समय वे वैशाली में महनार के शाहपुर में थे।

रघुवंश प्रसाद सिंह को कफ, बुखार के साथ-साथ सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ हुई तो वैशाली के अस्पताल में उनकी जांच की गई। उसमें बताया गया कि उनको न्यूमोनिया हो गया है। इसके बाद वे वैशाली से पटना के एम्स पहुंचकर भर्ती हुए जहां डॉक्टरों ने उनको कोरोना वायरस की जांच कराने को कहा। उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। बुधवार को रिपोर्ट आने पर उनको वायरस से संक्रमित पाया गया है। रघुवंश प्रसाद सिंह फिलहाल पटना के एम्स में ही भर्ती रहेंगे। डॉक्टरों ने उनको यहीं रहने की सलाह दी है ताकि उनका इलाज चल सके।
बिहार में 79 नए मरीज
बिहार में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 6889 हो चुकी है। प्रदेश में 79 नए मरीज मिले हैं। हेल्थ डिपार्टमेंट के मुताबिक सीवान में 11, लखीसराय में 10, अररिया में 08, जहानाबाद में 08, पटना में 07, मधुबनी में 06, बेगूसराय में 06, समस्तीपुर में 06, बक्सर में 04, औरंगाबाद में 03, भागलपुर में 02, नालंदा में 02, रोहतास में 02, सारण में 02, मधेपुरा में 01 और बांका में 01 नए मरीज मिले हैं। प्रदेश के 16 जिलों में कुल 79 नए मरीजों में वायरस के संक्रमण मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications