Bihar News: पूर्णिया में वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 की मौत, CM नीतीश ने जताया दुख, 4 लाख मुआवजा
Purnia Vande Bharat Express Accident: बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार, 3 अक्टूबर को वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे पर सीएम नीतीश कुमार ( CM Nitish Kumar) ने शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "पूर्णिया जंक्शन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 4 लोगों की मृत्यु की घटना अत्यंत दुखद है। इस दुर्घटना में घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है।"

प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिवार को प्रत्येक को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इस घटना से पूरे सीमांचल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसा कैसे हुआ?
यह घटना शुक्रवार सुबह लगभग 5 बजे जोगबनी-कटिहार रेल खंड के पास कस्बा रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग पर हुई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मखाना की खेती में लगे पांच युवक दशहरा मेले से पैदल लौट रहे थे और पटरियों के किनारे चल रहे थे, तभी जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।
इसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को पूर्णिया सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। घायलों में से एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
गौरतलब है कि हाल ही में इस रेल लाइन का उद्धाटन पीएम मोदी द्वारा किया गया था और इसके तुरंत बाद ही इस पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया। इस हादसे ने क्षेत्र में सुरक्षा और ट्रेन परिचालन के दौरान सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। इस दुर्घटना ने सीमांचल के लोगों में शोक की लहर दौड़ा दी है और प्रशासन तथा रेलवे अधिकारियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।












Click it and Unblock the Notifications