लॉरेंस गैंग को चुनौती देने वाले पप्पू यादव को मिली जान से मारने की धमकी, मांगी जेड श्रेणी की सुरक्षा
Pappu Yadav Lawrence Gang Threat: मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी के मर्डर के बाद लॉरेंस गैंग को चुनौती देने वाले बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को जान से मारने की धमकी मिली है। दावा किया जा रहा है कि पप्पू यादव को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। इसी के साथ सलमान खान मामले से दूर रहने की भी हिदायत दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धमकी भरे कॉल में दावा गया है कि वो लगातार पप्पू यादव के कई ठिकानों की रेकी कर रहा है और उसे जान से मार देगा। धमकी भरे कॉल के बाद पप्पू यादव ने मामले की शिकायत बिहार डीजीपी से की है। साथ ही कॉल रिकॉर्डिंग भी भेजी है

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को हत्या की धमकी मिलने के बाद बिहार पुलिस में हड़कंप मच गया है। धमकी देने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग सहित दो-दो गैंगस्टर का नाम सामने आए हैं। जिसकी शिकायत पप्पू यादव ने डीजीपी के साथ पूर्णिया रेंज के आईजी को भी की है।
मांगी जेड श्रेणी की सुरक्षा
इस मामले में सांसद पप्पू यादव ने कहा कि लॉरेंस का नाम लेकर मुझे धमकी दी गई है। जिसे लेकर बिहार के डीजीपी और आईजी से शिकायत की गई। गृह मंत्री अमित शाह से भी अपनी बात मैंने साझा किया है। पप्पू यादव ने कहा कि 'लगातार मिल रही धमकी से मैं आहत हूं। मेरे साथ किसी भी तरह की अनहोनी घटना हो सकती है। सरकार को मेरी सुरक्षा को लेकर गंभीर होने की दरकार है।' इसी के साथ उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को भेजे पत्र में उनकी सुरक्षा 'वाई श्रेणी' से बढ़ाकर 'जेड श्रेणी' करने की मांग की है।
'पूरे नेटवर्क को खत्म कर दूंगा', पप्पू यादव ने कहा था
मालूम हो कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद पप्पू यादव ने खुलेआम लॉरेंस बिश्नोई को सबक सिखाने की बात कही थी। इतना ही नहीं पप्पू यादव ने कहा था कि अगर कानून परमिशन दे तो 24 घंटे में लारेंस बिश्नोई जैसे दो टके के अपराधी के पूरे नेटवर्क को खत्म कर दूंगा।
पप्पू यादव ने किया था पोस्ट
एनसीपी नेता की हत्या के बाद पप्पू यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि, 'एक अपराधी जेल में बैठ चुनौती दे, लोगों को मार रहा है, सब मूकदर्शक बने हैं। कभी मूसेवाला, कभी करणी सेना के मुखिया। अब एक उद्योगपति राजनेता को मरवा डाला। कानून अनुमति दे तो 24 घंटे में इस लारेंस बिश्नोईजैसे दो टके के अपराधी के पूरे नेटवर्क को खत्म कर दूंगा।'












Click it and Unblock the Notifications