रिंटू सिंह की पत्नी बोलीं- मुझे नहीं है स्थानीय पुलिस पर भरोसा, जांच दूसरी जगह ट्रांसफर हो
रिंटू सिंह की पत्नी बोलीं- मुझे नहीं है स्थानीय पुलिस पर भरोसा, जांच दूसरी जगह ट्रांसफर हो
पूर्णिया, 14 नवंबर: पूर्व जिला परिषद सदस्य और स्थानी पत्रकार विश्वजीत सिंह उर्फ रिंटू सिंह की शुक्रवार (12 नवंबर) को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रिंटू सिंह की हत्या के बाद से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। उन्होंने शनिवार 13 नवंबर को सरसी थाना के पास चौक पर नेशनल हाइवे 107 और स्टेट हाइवे 77 को जाम कर दिया। इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने एसएचओ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सरसी थाना परिसर में भी आगजनी और तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे जद (यू) विधायक और राज्य मंत्री लेसी सिंह का हाथ है।

स्थानीय पुलिस पर नहीं है भरोसा: अनुलिका सिंह
बता दें कि विश्वजीत सिंह जिला परिषद् सदस्य अनुलिका सिंह के पति थे और खुद भी जिला परिषद् सदस्य रह चुके थे। फिलहाल वो विधानसभा चुनाव लड़ने की भी तैयारी कर रहे थे। रिंटू सिंह की पत्नी और जिला परिषद सदस्य अनुलिका सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि उनके पति का क्या कसूर था कि उन्हें मार दिया गया? अनुलिका सिंह कहा कि उनका कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने जिला परिषद का चुनाव जीता और विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे? आरोप लगाते हुए कहा कि जद (यू) विधायक और राज्य मंत्री लेसी सिंह ने अपने भतीजे के जरिए ऐसा किया। मुझे स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं है, इसकी जांच दूसरों से करनी चाहिए।

तीन नवंबर को भी हुआ था हमला
अनुलिका सिंह ने कहा कि तीन नवंबर को भी अपराधियों ने रिंटू सिंह पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया था। इसकी लिखित शिकायत सरसी थाने को दी थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिस कारण शुक्रवार शाम रिंटू सिंह की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। अगर उस समय कार्रवाई की जाती तो शायद आज वो जिंदा होते।

एसएचओ को किया गया सस्पेंड
पूर्णिया एसपी दया शंकर ने बताया कि रिंटू सिंह के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि एसएचओ की लापरवाही के कारण ऐसा हुआ है, इसलिए उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। छापेमारी की जा रही है, कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। जल्द आरोपियों सलाखों के पीछे होगे।

क्या है मामला
यह मामला सरसी थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के सामने का है। 12 नवंबर को रिंटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवाल हमलावरों ने रिंटू सिंह के पीछे से सिर में गोली मारी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। बदमाशों ने इस घटना को सरसी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर अनजाम दिया था। इस मामले में पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज भी लगा है जिसमें स्पष्ट दिख रहा है कि अपराधी हाथ में पिस्तौल लेकर आता है और स्टेट बैंक के सामने चाय दुकान में बैठे रिंटू सिंह को गोली मारकर पिस्तौल लहराते हुए भाग जाता है।












Click it and Unblock the Notifications