बिहार में सेना की अग्निपथ स्कीम का विरोध, ट्रेन पर पथराव, नेशनल हाईवे जाम
नई दिल्ली, 15 जून: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को अग्निपथ स्कीम की घोषणा की, जिसके तहत तीनों सेनाओं में 4 साल के लिए जवानों की भर्ती की जाएगी। इस योजना का अब बिहार में विरोध शुरू हो गया है। एक ओर बक्सर में प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, तो वहीं मुजफ्फरपुर में भी विरोध का सिलसिला जारी है। हालांकि स्थानीय प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहा है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक पाटलिपुत्र एक्सप्रेस पटना जा रही थी, जहां बक्सर में प्रदर्शनकारियों ने उस पर पथराव किया। घटना में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकरी भी मौके पर पहुंचे। वहीं इस बीच काशी पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस भी काफी देर तक प्लेटफॉर्म पर रुकी रही। अधिकारियों के मुताबिक पथराव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मुजफ्फरपुर में भी बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक रेलवे स्टेशन के पास चक्कर चौक पर जमा हो गए। इसके बाद उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर में ही प्रदर्शनकारियों ने आग जलाकर रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शन स्थल से कुछ ही दूरी पर चक्कर मैदान है, जहां पर सेना की भर्ती होती है। वहीं गोबरसही चौक पर भी बहुत से युवकों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी ओर से नेशनल हाईवे को जाम किया गया। हालांकि स्थानीय प्रशासन की टीमें प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटी हैं।
क्या कह रहे प्रदर्शनकारी?
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक सरकार ने सेना में 4 साल तक की सेवा का मौका दिया है। इसके बाद क्या होगा किसी को पता नहीं। ये सीधे-सीधे उनके रोजगार का हनन है। वो सेना में जाना चाहते हैं, लेकिन फूल टाइम जॉब के तौर पर। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही इस योजना को वापस नहीं लिया, तो वो बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications