'नीतीश की पार्टी JDU का भविष्य जन सुराज में, नवंबर के बाद नहीं बचेगा अस्तित्व', प्रशांत किशोर ने क्यों कहा ऐसा
Prashant Kishor On JDU Nitish Kumar: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले प्रशांत किशोर ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। शुक्रवार 01 अगस्त को जन सुराज पार्टी में बड़ी एंट्री देखने को मिली, जब फिल्म निर्माता चेतना झांब, बीजेपी के पूर्व महामंत्री समेत कई नेता पार्टी में शामिल हुए। प्रशांत किशोर ने सबको पार्टी की सदस्यता दिलाई और फिर मंच से जमकर नीतीश कुमार से लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर गरजे।
प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल और तेज प्रताप यादव को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा, "जेडीयू का भविष्य जन सुराज है। नवंबर तक जेडीयू के हर कार्यकर्ता का घर जन सुराज बन जाएगा। नवंबर के बाद इनका अस्तित्व नहीं बचेगा।''

प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर कसा तंज
नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि अब वो भी पीले रंग की बस से घूम रहे हैं और पीला पोस्टर लगा रहे हैं। पीके ने कहा कि खुशी की बात है कि उन्होंने भी मान लिया कि असली विकास का रास्ता अब जन सुराज से होकर जाता है।
तेज प्रताप यादव के पीले गमछे और टोपी पर कटाक्ष करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "हर पीली चीज सोना नहीं होती। जो विचारों से 'पीला' है और बिहार की तरक्की चाहता है, वही असली जन सुराजी है।"
सम्राट चौधरी और मंगल पांडे को लेकर क्या बोले प्रशांत किशोर?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर हमला जारी रखते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "हमने उन पर दो बाण छोड़े और वह मूर्छित हो गए। अब तीसरी किस्त तभी आएगी जब वे होश में लौटेंगे।"
प्रशांत किशोर ने चेताया कि भाजपा के सम्राट चौधरी और मंगल पांडे कतार में हैं, उनकी भी पोल जल्द खोली जाएगी। उन्होंने कहा, "एक-एक करके हम सभी की परतें खोलेंगे, और दिखाएंगे कि जनता को किस तरह परेशान किया गया है।"
उन्होंने कहा कि पीला रंग नफरत का नहीं, विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "इस्लाम में भी पीले रंग को श्रेष्ठ बताया गया है। विष्णु का रंग भी पीला है, इसी रंग से तरक्की संभव है।"
प्रशांत किशोर ने बेरोजगारी को लेकर बिहार सरकार पर साधा निशाना
प्रशांत किशोर ने कहा,
"बिहार की जनता को यह देखना होगा कि जो नेता आज बिहार आ रहे हैं, क्या तब आए थे जब आपके बच्चे नौकरी के लिए संघर्ष कर रहे थे? क्या उन्होंने कभी बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने और बेरोजगारी खत्म करने के लिए कुछ किया? ये लोग सिर्फ वोट लेने के लिए जनता को धोखा देना चाहते हैं। बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है।"












Click it and Unblock the Notifications