बिहार में का बा? NDA की जीत के बाद सड़कों पर लगे जदयू के पोस्टर, लिखा- फिर से नीतीशे कुमार बा
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के परिणाम आ चुके हैं। इसमें मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाले एनडीए को 125 सीटें मिली हैं। वहीं, लालू की पार्टी राजद की अगुवाई वाला महागठबंधन 110 सीटें ही जीत सका। आज यानी कि, बुधवार के दिन जब लोग राजधानी पटना की सड़कों पर निकले तो उन्हें नीतीश की तस्वीरों वाले पोस्टर ही ज्यादा दिखे। ऐसे पोस्टरों पर मोटे अक्षरों में लिखा था- बिहार में का बा? वहीं, नीचे जवाब में लिखा था- फिर से नीतीशे कुमार बा!
Recommended Video

जदयू (जनता दल-यूनाइटेड) की तरफ से ये पोस्टर यह दिखाने के लिए लगाए गए कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे। हालांकि, चुनाव के जो परिणाम आए हैं उनमें जदयू का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। चुनाव में लालू यादव की पार्टी राजद 75 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वहीं, भाजपा ने पिछली बार से 21 सीटें ज्यादा जीतीं और कुल 74 सीटें मिली हैं। वह दूसरे नंबर पर रही। जदयू महज 43 (-28) सीटें ही जीत सकी और तीसरे नंबर पर रह गई। जिसके चलते भाजपाई खेमे में आवाज उठने लगीं कि अब तो अगला सीएम भाजपा से हो।

बिहार का अगला सीएम जदयू से होगा या भाजपा से ऐसे सवाल लोगों के मन में उठ रहे हैं। ऐसे ही समय में पटना की सड़कों पर जदयू कार्यकर्ताओं ने नीतीश के समर्थन वाले पोस्टर चिपकाए हैं। जदयू नेताओं की मानें तो बिहार में एक बार फिर नितीश कुमार के नेतृत्व में ही एनडीए की सरकार बनेगी। जदयू के प्रमुख वशिष्ठ नारायण सिंह बोले- 'मैं यह बहुत पहले से कहता आ रहा हूं कि सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए एक बार फिर से बिहार में सरकार बनाएगी।' उधर, मोदी भी अपनी चुनावी रैलियों में किसी भी स्थिति में नीतिश के ही अगले मुख्यमंत्री होने की बात कह चुके हैं।

सूबे की नई सरकार का नेतृत्व भाजपा करेगी या जदयू? इस सवाल पर वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहले ही कई बार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि बिहार में सरकार का नेतृत्व कौन करेगा। वह बोले कि, हमारे बीच चुनाव से पहले ही तय हो गया था कि, 'सीटें कम हों या ज्यादा, यदि राज्य में एनडीए की फिर से सरकार बनती है तो उसका नेतृत्व नीतीश कुमार ही करेंगे।'













Click it and Unblock the Notifications