Bihar News: पुलिस को चकमा देकर मां के पास पहुंचा क़ैदी, ममता त्याग कर महिला ने किया कुछ ऐसा, खूब हो रही तारीफ़
Bihar News: बिहार के गया जिले से पुलिस की लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां पेशी के लिए कैदी को कोर्ट ले जाया जा रहा था, पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। डेल्हा थाना के फायरिंग मामले में गया केंद्रीय कारा विचाराधीन क़ैदी के फरार होने पर गया पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है।
क़ैदी के भागने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल तो उठ रहे हैं, लेकिन एक मां की जमकर तारीफ़ हो रही है, जिन्होंने ममता त्यागते हुए बहुत ही सराहनीय क़दम उठाया है। दरअसल साहिल पासवान नाम का युवक फ़ायरिंग मामले में कारा में विचाराधीन है।

मंगलवार को ADJ-4 की कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। उसने पुलिस को चकमा दिया और फरार हो गया। इसके बाद वह बगला स्थान पहसी मोहल्ला (कोतवाली थाना क्षेत्र) स्थित अपने घर मां के पास पहुंच गया। बेटे को घर पर देखते ही मां हैरान हो गई। उन्होंने ममता को त्यागते हुए वापिस उसे 1 घंटे के अंदर ADJ-4 के पास पेश किया।
फरार विचाराधीन क़ैदी के लौटने के बाद पुलिस प्रशासन ने चैन की सांस ली, कोर्ट ने पेशी के बाद फिर से क़ैदी को गया केंद्रीय कारा भेज दिया। महिला के इस फ़ैसले पर लोगों ने कहा कि कोई बेटा कितना बड़ा अपराधी क्यों ने हो, मां की ममता उसके लिए कम नहीं होती।
कैदी साहिल पासवान की मां ने बेटे को ख़ुद से कोर्ट में पेश किया। इससे समाज में एक मिसाल पेश हुई कि किसी भी तरह के अपराधी की हौसला अफ़ज़ाई नहीं करें। चाहे वह बेटा ही क्यों ना हो। बेटे को कोर्ट में पेश करने पर मां को तकलीफ तो हुई होगी, लेकिन इस मां के फ़ैसले को सलाम है।
पीएन साहू (एएसपी नगर) ने बताया कि बीते दो महीने से साहिल पासवान डेल्हा में फायरिंग और दूसरे जुर्म के मामले में गया केंद्रीय कारा में बंद था। पेशी के लिए मंगलवार को उसे ले जाया गया, उसके साथ 5 और कैदी थे। हवलदार भागलाल यादव ने सभी को हाजत से एडीजे-4 कोर्ट में लाया। इसी क्रम मे साहिल पासवान ने चकमा देकर फरार हो गया।
कोर्ट से क़ैदी के फरार होने की ख़बर मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए। CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें साहिल पासवान को भागते देखा गया। सिविल लाइन्स थाना सहित दूसरे थानों की पुलिस फरार विचाराधीन कैदी को खोजने में जुट गई। इधर क़ैदी की मां ने कोर्ट का सम्मान करते हुए अपने बेटे को न्यायालय में पेश किया। वहीं एएसपी की अनुसंशा पर भाग लाल यादव को निलंबित कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications