Bihar Chunav 2025: PK ने डोमिसाइल नीति लागू करने पर नीतीश सरकार की मंशा पर उठाए सवाल, कही ये बात
Bihar Chunav 2025: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने रविवार को बिहार बदलाव यात्रा के तहत कैमूर जिले के चैनपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखे हमले किए। PK ने डोमिसाइल नीति को लेकर नीतीश सरकार की मंशा पर सवाल उठाए और इसे चुनावी "छलावा" करार दिया। साथ ही, उन्होंने दो-दो वोटर आईडी कार्ड मामले में तेजस्वी यादव पर तंज कसा।
PK का नीतीश सरकार पर हमला: "जनता की जीत, नेताओं की हार की तैयारी"
किसान इंटर कॉलेज मैदान में जुटी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "डोमिसाइल लागू होना जनता की जीत है। लेकिन सवाल है कि 20 साल में ये काम क्यों नहीं हुआ? अब जब सरकार को लगने लगा है कि जनता बदलाव का मन बना चुकी है, तो बुजुर्गों की पेंशन बढ़ा रहे हैं, डोमिसाइल लागू कर रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता अब भ्रम में नहीं आने वाली।"

तेजस्वी पर भी साधा निशाना: "दो-दो वोटर आईडी और सच्चाई"
PK ने साफ कहा कि यह चुनाव लालू-नीतीश जैसे पुराने चेहरों को हटाने का है और बिहार की जनता अब अपने बच्चों का भविष्य देखकर वोट करने वाली है, न कि किसी नेता का चेहरा देखकर। पत्रकारों के सवालों के जवाब में प्रशांत किशोर ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कुछ दिन पहले तेजस्वी कह रहे थे कि उनके पास वोटर आईडी नहीं है, नाम भी कट गया है।
अब चुनाव आयोग बता रहा है कि उनके पास दो-दो वोटर कार्ड हैं। अब ये मामला तेजस्वी और आयोग के बीच का है, लेकिन बिहार की जनता जानना चाहती है कि उनके बच्चों की पढ़ाई कब सुधरेगी, पलायन कब रुकेगा।"
जनता से अपील: "बच्चों का चेहरा देखकर वोट करिए"
जनसभा में PK ने भावुक अपील करते हुए कहा, "इस बार वोट देते वक्त नेता का चेहरा नहीं, अपने बच्चों का चेहरा याद रखिए। जिन नेताओं ने आपको और आपके बच्चों को लूटा है - चाहे वे लालू हों, नीतीश हों या मोदी - उन सभी को इस बार मौका मत दीजिए।"
PK ने यह भी कहा कि इस साल बिहार की बदहाली की "आखिरी दिवाली और छठ" होगी। उन्होंने वादा किया कि चुनाव के बाद बिहार के 50 लाख युवाओं को वापस बुलाकर यहीं 10-12 हजार रुपये मासिक की आमदनी दिलाई जाएगी।
बड़ा ऐलान: "सरकारी स्कूल सुधरे नहीं, तब तक फीस सरकार देगी"
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन के दौरान कई बड़े वादे भी किए। उन्होंने कहा: दिसंबर 2025 से 60 वर्ष से ऊपर के हर बुजुर्ग को ₹2000 प्रति माह की पेंशन दी जाएगी। जब तक सरकारी स्कूलों की स्थिति नहीं सुधरती, तब तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों की प्राइवेट स्कूल की फीस सरकार वहन करेगी।
"गरीब का बच्चा भी अच्छे इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़े, ये अब सपना नहीं हकीकत बनेगा। हम व्यवस्था को बदलने निकले हैं, और जब तक बदलाव नहीं होगा, हम रुकने वाले नहीं हैं।" प्रशांत किशोर की कैमूर रैली सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनावी बिगुल की तरह थी।
PK ने न सिर्फ सत्तारूढ़ JDU और विपक्षी RJD पर हमला बोला, बल्कि जनता के सामने एक वैकल्पिक मॉडल भी रखा। अब देखना यह होगा कि बिहार की जनता इस बार वाकई "नेता का चेहरा" छोड़ "बच्चे का भविष्य" देखकर वोट करती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications