Bihar: पटना में गंगा स्नान जा रहे श्रद्धालुओं का सफर बना काल, हाइवा से टक्कर में ऑटो के उड़े परखच्चे, 8 की मौत
बिहार की राजधानी पटना में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। ऑटो और हाइवा ट्रक की टक्कर में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हादसा शाहजहांपुर के दनियावां हिलसा स्टेट हाइवे 4 पर सिगरियावा स्टेशन के पास हुआ। हाइवा की टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो में सवार सभी लोग नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव के रहने वाले थे।

गंगा स्नान के लिए जा रहे थे सभी लोग
घायल लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग गंगा स्नान के लिए निकले थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा है। दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। सभी लोग गंगा स्नान के लिए फतुहा त्रिवेणी जा रहे थे।
मृतकों के परिजन रोते-बिलखते दिखे
दनियावां थाना अध्यक्ष के अनुसार, इस हादसे में घायल हुए लोगों की स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है। सभी को इलाज किया जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजन रोते-बिलखते दिखे हैं। ये दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब ऑटो शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के दनियावां के पास पहुंचा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार टैंकर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
टैंकर का ड्राइवर फरार, तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद हाइवा ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications