Patna News: राजधानी को जाम से निजात, छात्रों को दी ये सौगात, जानिए फ्लाईओवर और उर्दू पुस्तकालय की खासियत
Patna News: बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मतदाताओं को लुभाने के लिए पक्ष-विपक्ष के नेता लोक लुभावन वादे कर रहे हैं। वहीं प्रदेश की NDA सरकार बिहार की जनता को सौगात पर सौगात दे रही है। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दो अहम परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
डबल डेक फ्लाईओवर से पटना को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं राजकीय उर्दू पुस्तकालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन से शैक्षणिक अधोसंरचना को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ₹422 करोड़ की लागत से तैयार अशोक राजपथ डबल डेक फ्लाईओवर और ₹3.07 करोड़ की लागत से बने राजकीय उर्दू पुस्तकालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया।

डबल डेक फ्लाईओवर की खासियत की बात करें तो इसकी ऊपरी डेक की लंबाई 2175.50 मीटर है, वहीं निचला डेक की लंबाई 1449.30 मीटर की है। इसका रूट, कारगिल चौक (गांधी मैदान), PMCH होते हुए साइंस कॉलेज तक है। 8.5 मीटर चौड़ाई वाले इस डबल डेक फ्लाइओवर का निर्माण कार्य जनवरी 2022 में शुरु हुआ था। इसके बन जाने से अशोक राजपथ में जाम की समस्या निजात मिलने की उम्मीद है।
फ्लाईओवर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इसे "बेहद उपयोगी और तकनीकी रूप से शानदार" बताया। उन्होंने कहा कि इससे राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाके में लोगों को काफी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने इसके बाद राजकीय उर्दू पुस्तकालय, पटना के जी+4 मंज़िला नये भवन का उद्घाटन किया। यह पुस्तकालय 1938 से कार्यरत है, लेकिन अब नए भवन में और बेहतर सुविधाओं के साथ संचालित होगा।
राजकीय उर्दू पुस्तकालय, पटना में उर्दू, हिन्दी, अंग्रेज़ी, संस्कृत, फारसी, अरबी भाषाओं में 40 हज़ार से ज्यादा पुस्तकें हैं। हर रोज़ करीब 60 छात्र और शोधकर्ता यहां अपनी पढ़ाई करने आते हैं। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें, पत्रिकाएं, एनसीईआरटी किताबें आसानी से मिल जाएंगी। आधुनिक फर्नीचर और शांत वातावरण छात्रों को पढ़ाई का मौका मिलता है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह पुस्तकालय, "शोध और अध्ययन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। भवन को अच्छी तरह मेंटेन रखा जाए, ताकि शोधकर्ताओं को असुविधा न हो।" छात्रों ने सीएम नीतीश कुमार की इस पहल की काफी तारीफ की हैं, उन्होंने कहा कि ग़रीब छात्रों को इससे काफी मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications