मरे बच्चे को सीने से लगाकर छटपटाती रही बंदरिया, मंजर देख छलक पड़े सबके आंसू
Recommended Video

पटना। सड़क पर उस वक्त सभी की निगाहें थम गईं जब एक बंदरिया अपने मरे हुए बच्चे को लेकर सीने से लगाए छटपटाती रही। बंदरिया नाकाम होने पर बेबस निगाहों से वहां खड़े लोगों को देख रही थी मानो ऐसा कह रही हो कि कोई तो मेरे बच्चे को बचा लो। यह नजारा देखने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ के साथ-साथ ट्रैफिक भी रुक गया और सभी बंदरिया की ममता को देख भावुक हो उठे। इस बंदरिया का बच्चा हाईटेंशन बिजली की चपेट में आकर मर गया था लेकिन बंदरिया अपने बच्चे को बार-बार सीने से लगाकर उठाने की कोशिश कर रही थी और उसका चेहरा देख रही थी। जब उसे यह एहसास हो गया कि अब उसका बच्चा जिंदा नहीं है तो वह किसी तरह बच्चे को घसीटते हुए बैंक की सीढ़ी पर ले गई और आंसू बहाने लगी।

मिली जानकारी के अनुसार मामला बिहार के छपरा जिले के साहेबगंज का है जहां साहेबगंज चौक के पास बंदर का एक बच्चा हाईटेंशन बिजली की तार के चपेट में आने से मर गया था और उसकी लाश बीच सड़क पर पड़ी हुई थी। बच्चे की लाश को जैसे ही उसकी मां बंदरिया ने देखा वह दौड़ते हुए उसके पास पहुंची और उसे सीने से लगा कर बार-बार उठाने की कोशिश करने लगी। कई घंटों तक बंदरिया के द्वारा अपने बच्चे को जिंदा करने की कोशिश की गई इस दौरान ट्रैफिक भी थम गया और बंदरिया पास खड़े लोगों की तरफ मदद की आस लगाए देख रही थी पर कहीं से भी कोई मदद नहीं मिलने के बाद खुद अपने बच्चे को घसीटते हुए बैंक की सीढ़ी तक ले गई और वहां बैठकर आंसू बहाने लगी। काफी देर तक बच्चे के जागने का इंतजार करने के बाद जब उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो वह अपने बच्चे को लेकर कहीं दूर चली गई। जिसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य हुई और चारों तरफ बंदरिया की ममता के चर्चे होने लगे।
वहीं इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी राजू ने कहा कि 11000 वोल्टेज के तार के चलते आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। इस बार उसी तार के संपर्क में बंदर का बच्चा आ गया जिसके वजह से उसकी मौत हो गई। नजारा ऐसा है कि इस तार के वजह से दुकानदार से लेकर आम लोग भी डर के साए में जीने को मजबूर हैं कभी भी कुछ हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications