Patna Metro: पटना वालों हो जाओ तैयार! इस रूट पर सोमवार से दौड़ेगी मेट्रो, 1000 से ज्यादा यात्री कर सकेंगे सफर
Patna Metro: बिहार की राजधानी पटना के लोगों का मेट्रो में सफर करने का सपना 6 अक्टूबर को हकीकत बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल पटना की पहली मेट्रो सेवा का लोकार्पण करेंगे। यह सेवा रेड लाइन के प्राथमिक कॉरिडोर पर न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन के बीच शुरू हो रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मेट्रो कॉरिडोर वन की आधारशिला भी रखेंगे, जिसके तहत छह भूमिगत स्टेशन और पटना जंक्शन से रुकनपुरा तक 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया जाएगा।

Patna Metro: अब रफ्तार भरेगी पटना मेट्रो
पटना मेट्रो को रेल संरक्षा आयुक्त (CMRS), जनक कुमार गर्ग ने शनिवार को ही आधिकारिक सुरक्षा मंजूरी दे दी थी। इससे पहले 29 सितंबर को सफल ट्रायल रन और डिपो-स्टेशनों का निरीक्षण किया गया था। मंजूरी मिलते ही पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (PMRC) और नगर विकास एवं आवास विभाग ने उद्घाटन की तारीख को अंतिम रूप दिया, जो राज्य के शहरी परिवहन के इतिहास में एक मील का पत्थर है।
Patna Metro: एक बार में कितने यात्री कर सकेंगे सफर?
शुरुआती स्टेज में मेट्रो 40 किमी/घंटा की अधिकतम गति से चलेगी। प्रत्येक तीन-कोच वाली ट्रेन एक बार में 900 यात्रियों को ले जा सकेगी। "पटना मेट्रो" नाम से ब्रांडेड इन कोचों में गोलघर, महावीर मंदिर, भगवान महावीर और मधुबनी पेंटिंग जैसे कलाकृतियों और दृश्यों को प्रदर्शित किया जाएगा, जो आधुनिकता और बिहार की समृद्ध संस्कृति का एक अनूठा संगम होगा।
Patna Metro: कॉरिडोर वन का निर्माण भी होगा शुरू
2,565.80 करोड़ की अनुमानित लागत वाले कॉरिडोर वन में छह भूमिगत स्टेशन और 11 किलोमीटर का सुरंग नेटवर्क होगा। यह कॉरिडोर रुकनपुरा, राजा बाजार, चिड़ियाघर, विकास भवन, विद्युत भवन और पटना जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ेगा। इस खंड का निर्माण 42 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है।
नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार ने इस परियोजना को बिहार के लिए एक परिवर्तनकारी कदम बताते हुए कहा कि यह पटना के परिवहन तंत्र में क्रांति लाएगा। एक बार पूरी तरह चालू होने के बाद, पटना मेट्रो से शहर में यातायात जाम में कमी आएगी, प्रदूषण घटेगा और राजधानी के निवासियों को यात्रा का एक तेज और अधिक टिकाऊ साधन मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications