पटनाः जीजा जीते पंचायत चुनाव तो बीच सड़क पर नाचने लगा साला तभी ट्रक ने रौंद डाला
पटना। बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ प्रखंड में पंचायत चुनाव में मिली जीत का जश्न मनाने के दौरान हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। दरअसल, पंचायत चुनाव के सातवें चरण के परिणाम में रामपुर फरीदपुर से मुखिया पर नीरज कुमार की जीत हुई। इस जीत के जश्न में नीरज कुमार का इकलौता साला 25 वर्षीय सतीश कुमार फरीदपुर गांव में बीच सड़क पर डीजे बजाकर डांस करने लगा। तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक भागने लगा। लेकिन घटना से गुस्साए लोगों ने उसका पीछा कर पकड़ लिया और फिर जमकर उसकी पिटाई कर दी। गांव के लोगों ने नौबतपुर-शिवाला मुख्य मार्ग जाम कर दिया। लोगों ने मांग की कि प्रशासन उचित मुआवजा प्रदान करे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
जानीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि लोगों से बातचीत की जा रही है। आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीच से निकल रहे सड़क के बावजूद ड्राइवर यहां काफी तेज गति से गाड़ी चलाते हैं। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। बता दें कि आज सातवें चरण के हुए मतदान की मतगणना की जा रही है।
सातवें चरण में कुल पदों की संख्या 27 हजार 730 है। इसमें ग्राम पंचायत सदस्य पद की संख्या 12 हजार 272 है, ग्राम पंचायत मुखिया के 904 पद, पंचायत समिति सदस्य के लिए 1245, जिला परिषद सदस्य के 135 पद, ग्राम कचहरी सरपंच के 904 पद और ग्राम कचहरी पंच के 12 हजार 272 पदों का रिजल्ट आना है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, यहां 1 लाख 8 हजार 61 उम्मीदवारों मैदान में हैं। पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 47 हजार 714 है तो महिला उम्मीदवारों की संख्या 54 हजार 270 है।












Click it and Unblock the Notifications