NEET paper leak: सीबीआई को मिली 13 आरोपियों की कस्टडी, आर्थिक अपराध इकाई ने किया था गिरफ्तार
नीट-यूजी पेपर लीक मामले में पटना हाईकोर्ट ने शुक्रवार को आर्थिक अपराध इकाई द्वारा गिरफ्तार किए गए 13 लोगों की रिमांड सीबीआई को दे दी। सीबीआई अब इन संदिग्धों से पूछताछ करेगी। एक दिन पहले ही पटना कोर्ट ने रॉकी उर्फ राकेश रंजन की रिमांड भी सीबीआई को दे दी थी।
राकेश संजीव मुखिया का रिश्तेदार है।ज्ञात हो कि सीबीआई को शुरुआत में झटका तब लगा था, जब 2 जुलाई को पटना के सीबीआई के विशेष मजिस्ट्रेट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने इस आधार पर खारिज कर दिया था कि गिरफ्तारी के बाद पहले 15 दिनों के अंदर पुलिस हिरासत की मांग करने वाली वैधानिक अवधि समाप्त हो चुकी थी।

विशेष मजिस्ट्रेट के आदेश को पटना हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए सीबीआई ने कहा था कि उसने जून में जांच शुरू की थी और उसे राज्य पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए संदिग्धों से पूछताछ करने का अवसर दिया जाना चाहिए।सीबीआई की तरफ से कहा गया था कि राज्य पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों को 15 दिन की पुलिस हिरासत भी नहीं मिली है।
बहरहाल इस मामले के संबंध में छह प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई हैं, जिसके परिणामस्वरूप अब तक लगभग 57 गिरफ्तारियां हुई हैं। इनमें से 12 गिरफ्तारियां केंद्रीय एजेंसी ने की हैं, जबकि बाकी गिरफ्तारियां विभिन्न राज्य पुलिस बलों ने की हैं। अब तक 22 व्यक्तियों को जमानत मिल चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications