Bihar News: बिहार के इस जिले में लहराया फिलिस्तीन का झंडा, प्रशासन अलर्ट, SSP ने लिया संज्ञान
Palestine Flag Hoisted In Bihar: बिहार के दरभंगा जिले में 'फिलिस्तीन का झंडा लहराने' मामले से तनाव का मौहल बन गया है। जुलूस के दौरान फिलिस्तीन का झंडा लहराते हुए सोशल मीडिया पर तेज़ी से वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले पर SSP दरभंगा ने संज्ञान लिया है।
वायरल वीडियो के बारे में बताया जा रहा है कि मोहर्रम के पहले दिन मिट्टी लाने का रस्म किया जाता है, इसी दौरान जुलूस निकाला गया और उसमें एक युवक फिलिस्तीन का झंडा लहरा रहा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल होने लगा। वायरल वीडियो के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ चुका है।

इस पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है, जो कि मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिला मुहर्रम कमिटी दरभंगा द्वारा जुलूस निकाला गया था। इसी दौरान किलाघाट के पास जिला मोहर्रम कमिटी दफ़्तर के सामने कुछ युवकों ने इस्लामिक झंडे लहराये। वहीं कुछ युवक फिलीस्तीन का झंडा भी लहराने लगे।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने संज्ञान लिया और मोहर्रम कमिटी के मेंबरों से पूछताछ शुरू की। वहीं इस मामले में एसएसपी दरभंगा जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि मीडिया के ज़रिए जानकारी मिली। वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सदर एसडीपीओ अमित कुमार को जांच की ज़िम्मेदारी सौंपी है।
जुलूस के वीडियो में कई तरह के झंडे दिख रहे हैं। मामले की जांच के बाद दोषियों के ख़िलाफ़ नियामनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी समुदाय के लोगों को समाज की प्रतिष्ठा का ख़याल रखते हुए जुलूस निकालना चाहिए। कोई ऐसा काम नहीं करना चाहिए, जिससे की माहौल बिगड़ने की संभावना बने।












Click it and Unblock the Notifications