10वीं बार CM बने नीतीश के बेटे Nishant कितने पढ़े-लिखे हैं? राजनीति से दूर लेकिन कमाई में पिता से भी आगे!
बिहार की राजनीति के माहिर खिलाड़ी नीतीश कुमार ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, लेकिन हर बार की तरह उनकी निजी जिंदगी फिर सुर्खियों से दूर ही रही। हालांकि जब बात उनके इकलौते बेटे निशांत कुमार की आती है, तो राजनीतिक गलियारों में जिज्ञासा बढ़ जाती है। इंजीनियरिंग की डिग्री रखने वाले निशांत, पिता की बड़ी राजनीतिक विरासत से दूरी बनाकर आध्यात्म और सादगी भरी जीवनशैली को अपनाए हुए हैं।
निशांत कुमार का जन्म 20 जुलाई 1975 को बिहार में हुआ था। उनकी परवरिश और उनकी पढ़ाई का तरीका बताता है कि उन्होंने वीआईपी कल्चर से दूरी बनाए रखी।

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कितने पढ़े-लिखे हैं?
- उन्होंने पटना के मशहूर सेंट करेन स्कूल से अपनी पढ़ाई शुरू की
- इसके बाद, वह मसूरी के मानव भारती इंडिया इंटरनेशनल स्कूल चले गए।
- अपने पिता नीतीश कुमार की तरह ही (जो खुद एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं), निशांत ने झारखंड के प्रतिष्ठित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), मेसरा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री ली।
अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद, निशांत ने एक इंजीनियर के तौर पर अपना करियर शुरू किया और राजनीति में शामिल होने की बजाय अपनी प्रोफेशनल लाइफ को प्राथमिकता दी।
राजनीति का रास्ता छोड़ा, 'आध्यात्म' को अपनाया
यह जानकर हैरानी होती है कि जहां लालू यादव के बेटे तेजस्वी और रामविलास पासवान के बेटे चिराग ने अपने पिता की राजनीतिक बागडोर संभाली, वहीं निशांत कुमार ने राजनीति में आने से साफ इनकार कर दिया।
2017 में उन्होंने मीडिया से कहा था कि उन्हें राजनीति में न तो दिलचस्पी है और न ही इसकी जानकारी। उन्होंने साफ किया कि उनका पहला प्यार आध्यात्म (Spiritualism) है और वह इसी रास्ते पर आगे बढ़ना चाहते हैं।
सादा जीवन में यकीन करते हैं निशांत
निशांत लाइमलाइट और शोर-शराबे से दूर रहते हैं। उनकी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा उन्हें 2007 में दिवंगत हुईं उनकी माँ, मंजू सिन्हा, के रिटायरमेंट लाभ से मिला था, जो उनकी सादगी को दर्शाता है। हालांकि, पिछले कुछ समय में वह कुछ खास मौकों पर सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं। उन्होंने कुछ कार्यक्रम में अपने पिता और जेडीयू के लिए समर्थन मांगा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की प्रचंड जीत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत की पहली प्रतिक्रिया आई। उन्होंने रविवार को एनडीए को भारी बहुमत से जितवाने के लिए बिहार की जनका का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार बनने जा रही है। उम्मीद से भी बेहतर जीत मिली है। इसका सारा श्रेय जनता को जाता है।'
10वीं बार बिहार के सीएम बनेंगे नीतीश कुमार
उन्होंने कहा कि, 'पिताजी ने जो 20 साल काम किया है, जनता ने उसी का इनाम दिया है।' 14 नवंबर को घोषित हुए बिहार चुनाव के नतीजों में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए को 243 में से 202 सीटों पर जीत मिली, जबकि विपक्षी दलों का महागठबंधन 35 सीटों पर सिमट कर रह गया। बिहार में अब नई सरकार के गठन की कवायद चल रही है, नीतीश के 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने की पूरी संभावना है।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं निशांत कुमार?
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अपनी निजी संपत्ति के मामले में अपने पिता से काफी आगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, निशांत कुमार की कुल संपत्ति 3.61 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो सीएम नीतीश कुमार की घोषित संपत्ति से पांच गुना से भी अधिक है। इस राशि में 1.63 करोड़ रुपये की चल संपत्ति (जैसे नकद, बैंक जमा) और 1.98 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
संपत्ति में इतना बड़ा अंतर क्यों?
संपत्ति में इस बड़े अंतर का मुख्य कारण यह है कि निशांत की दिवंगत मां और सीएम नीतीश कुमार की पत्नी, मंजू सिन्हा ने अपनी सारी संपत्ति और सेवानिवृत्ति लाभ (जैसे पीएफ और ग्रेच्युटी) की पूरी राशि निशांत कुमार के नाम कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications