नीतीश कुमार की ‘पलटी’ से हैरान हो गए थे संजय सिंह, बिहार के सीएम की कायरों से तुलना क्यों की?
दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। इसके बाद उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू के दौरान नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन को छोड़ने पर बात की है। उन्होंने इसे इंडी गठबंधन के लिए एक झटका बताया।
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि इतिहास बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ न्याय नहीं करेगा। संजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार का गठबंधन छोड़कर जाना बिल्कुल अप्रत्याशित था। वह विपक्षी दलों को एक साथ लाने के लिए एक जगह से दूसरी जगह जा रहे थे और वह अचानक एनडीए में शामिल हो गए।

आप नेता ने कहा कि इस तरह से पाला बदलने से आपकी छवि पर असर पड़ता है। आप कुछ समय के लिए ताकत और कुछ लाभ हासिल करने में सफल हो जाते हैं लेकिन आप बार-बार पाला बदलते हैं, तो इतिहास आपके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करेगा।
संजय सिंह ने कहा कि आपको या तो कायर के रूप में याद किया जा सकता है या साहसी के रूप में। हमें यह तय करना होगा कि हम किस रूप में याद किया जाना चाहते हैं। मुझे नहीं लगता कि जो लोग कभी बीजेपी के खिलाफ बोलते थे और अब उसके सामने झुक गए हैं उन्हें अच्छी तरह से याद किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले पर संजय सिंह ने कहा कि वह नीतीश कुमार की तरह भाजपा के साथ नहीं हैं। ममता और नीतीश में जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने कहा, कि बंगाल में अच्छा परिणाम आएगा और ये इंडिया ब्लॉक के लिए फायदेमंद होगा।
सीएम अरविंद केजरीवाल की गैरमौजूदगी में सुनीता केजरीवाल के द्वारा पार्टी की कमान संभालने की बात पर संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल पार्टी संयोजक और मुख्यमंत्री बने रहेंगे। संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के मामले में सुनीता केजरीवाल की भूमिका बहुत प्रमुख है। वह जेल में बंद दिल्ली सीएम से बातचीत करने में सक्षम हैं और उनके माध्यम से ही केजरीवाल के संदेश पार्टी तक पहुंच रहे हैं।
संजय सिंह ने कहा कि पार्टी ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम थे, हैं और रहेंगे। दिल्ली के 2 करोड़ लोगों से बात करने के बाद यह निर्णय लिया गया है। हम भाजपा को हराने के लिए जो भी जरूरी होगा वह करेंगे, जिसमें दिल्ली के बाहर भी उम्मीदवारों के लिए उनका प्रचार करना भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications