Nitish Kumar Oath Ceremony: नीतीश के शपथ समारोह में बिहारी पकवान बिखेरेंगे स्वाद का जादू, मेन्यू में क्या खास?
Nitish Kumar CM Oath Ceremony: पटना में नई एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ तेज़ी से अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। 20 नवंबर को गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री, बीजेपी-जेडीयू नेतृत्व के बड़े चेहरे और करीब डेढ़ दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होने वाले हैं।
ऐसे में मेहमानों की आवभगत के लिए बिहार की पारंपरिक मेहमाननवाज़ी और स्वाद दोनों को खास तौर पर प्रमुखता दी जा रही है।

ग्रीन रूम में स्पेशल चाय-नाश्ते की व्यवस्था
गांधी मैदान में बने बड़े हैंगरों के ग्रीन रूम में होटल मौर्या की टीम ने चाय-नाश्ते की पूरी व्यवस्था संभाल ली है। उच्चस्तरीय मेहमानों को ध्यान में रखते हुए सर्विंग टीम ने पहले से रिहर्सल भी कर लिया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की कमी न रह जाए।
यहाँ मेहमानों को कई तरह की स्पेशल चाय परोसी जाएगी। इसके साथ ही नाश्ते में बिहार के लोकप्रिय पारंपरिक स्नैक्स निमकी,मठरी, ढोकला, बाढ़ की लाई, पिरूकिया जैसे खास बिहारी व्यंजन स्वाद बढ़ाएंगे और मेजबानी में गर्मजोशी का रंग भरेंगे।
प्रधान मंच पर बिहारी भोजन का खास स्वाद
मुख्य कार्यक्रम के दौरान आने वाले वीआईपी मेहमानों के लिए बिहार के सबसे प्रसिद्ध व्यंजनों का विस्तृत मेन्यू तैयार किया गया है। होटल मौर्या की स्पेशल क्यूलीनरी टीम इन व्यंजनों की तैयारी पर खास ध्यान दे रही है, ताकि बिहारी स्वाद का असली अनुभव मेहमानों तक पहुंचे।
इस मेन्यू का केंद्रबिंदु होंगे-
- लिट्टी-चोखा - बिहार की परंपरा का सबसे प्रतिनिधि स्वाद
- मखाने की खीर - बिहार के सुपरफूड मखाने से बना मीठा व्यंजन, जो देश-दुनिया में मशहूर है
- इसके अलावा कई अन्य पारंपरिक बिहारी पकवान भी परोसी जाएगी, जिससे राज्य की समृद्ध पाक-संस्कृति का पूरा अहसास हो सके।
बिहार की संस्कृति और स्वाद का प्रदर्शन
शपथ ग्रहण समारोह को सिर्फ राजनीतिक रूप से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी एक भव्य आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। मेन्यू चुनने से लेकर परोसने तक हर स्तर पर इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि बिहार की पाक परंपरा का सम्मान हो और देश के वीवीआईपी मेहमानों को राज्य का असली स्वाद चखाया जा सके।
एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में जहाँ राजनीतिक संदेशों की झलक होगी, वहीं बिहारी व्यंजनों की महक और मेहमाननवाज़ी इस कार्यक्रम को और भी यादगार बनाने के लिए तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications