नीतीश कुमार की कैबिनेट बैठक खत्म, 23 नवंबर से शुरू होगा विधानसभा सत्र
पटना। बीते सोमवार को नीतीश कुमार ने 14 मंत्रियों के साथ सीएम पद की शपथ ली। इसके बाद आज मंगलवार को पहली कैबिनेट की बैठक भी ली। सभी मंत्रियों के साथ चल रही बैठक 12 बजे खत्म हो गई। हालांकि ये बैठक केवल 21 मिनट तक ही चली। जिसमें फैसला लिया गया कि इस सरकार का पहला विधानसभा सत्र 23 से 27 नवंबर तक चलेगा। कैबिनेट की इस पहली बैठक में सबको अंदेशा था कि मंत्रियों को मंत्रालय बांटा जाएगा लेकिन उसकी घोषणा नहीं हुई।

Recommended Video
वहीं जनता इस बात की उम्मीद कर रही थी कि नीतीश कुमार अपनी पहली कैबिनेट बैठक में कोई बड़ा फैसला लेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बैठक से निकलने के बाद सभी मंत्री मीडियाकर्मियों से बचते नजर आए। किसी ने कुछ भी नहीं बोला।
वहीं चुनाव प्रचार के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव ने घोषणा की थी कि कैबिनेट की बैठक में पहली कलम से वे बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए 10 लाख सरकारी नौकरियों की वैकेंसी निकालेंगे। हालांकि, तेजस्वी का मुख्यमंत्री बनने का इस बार सपना पूरा नहीं हुआ।
तेजस्वी यादव की इस घोषणा को लेकर पूरे बिहारवासियों की नजर नीतीश कुमार के नए मंत्रिमंडल पर थी। लेकिन मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा सत्र चलाने की औपचारिक फैसला ही लिया गया। सोमवार को शपथ ग्रहण के बाद ही यह घोषणा कर दी गई थी कि मंगलवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे कैबिनेट की पहली बैठक होगी। हालांकि, यह कैबिनेट छोटा है।
नीतीश कुमार समेत अभी इसमें सिर्फ 15 मंत्री शामिल हैं। वहीं मंगलवार की सुबह कैबिनेट बैठक से पहले भाजपा कार्यालय में पार्टी की बैठक हुई। इसमें भाजपा कोटे से बनाए गए सभी मंत्री शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications