Nitin Nabin कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे, केरल से बंगाल तक भगवा फहराने का लिया संकल्प
Nitin Nabin News: बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन पहली बार बिहार पहुंचे। पटना में उनका भव्य स्वागत किया गया और 6 किमी. लंबे रोड शो में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने जमकर ढोल-नगाड़े बजाए। एयरपोर्ट से मिलर स्कूल ग्राउंड तक निकाले गए रोड शो के दौरान हाथी, घोड़े और ऊंटों के साथ उनका जोरदार स्वागत हुआ। जगह-जगह फूल बरसाए जा रहे थे और कार्यकर्ता नारेबाजी करते दिखे।
करीब छह किलोमीटर लंबे रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिनमें महिलाओं की भागीदारी भी खास रही। प्रदेश के सभी दिग्गज बीजेपी नेता इस दौरान उनके साथ नजर आए। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा और सम्राट चौधरी के अलावा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी साथ दिखे।

BJP Working President ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
पटना पहुंचते ही नितिन नबीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि बीजेपी अब बाकी प्रदेशों में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, 'पार्टी केरल से लेकर पश्चिम बंगाल तक भगवा फहराने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यही हमारी ताकत है। हम अपनी मेहनत और राष्ट्रवादी विचारों से तुष्टिकरण की राजनीति करनेवालों को हराएंगे।'
Nitin Nabin News: राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर बरसे
नितिन नबीन ने इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पार्ट टाइम राजनीति करते हैं और चुनाव हारने के बाद विदेश चले जाते हैं। उन्होंने लोकसभा में नेता विपक्ष के हालिया बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेश की धरती से देश के खिलाफ बयानबाजी की जा रही है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि बिहार के विकास के लिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर मेहनत करनी होगी। उन्होंने दावा किया कि 2025 से 2030 का दौर बिहार के लिए विकास, निवेश और युवाओं के रोजगार के नए अवसर लेकर आएगा।
पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक बनेगी BJP की सरकार
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराना है। बिहार पंचायत चुनाव के लिए तैयारी का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव की तैयारी अभी से शुरू करनी होगी। मिलर स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित भाजपा के मंत्री, विधायक, विधान पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications