कोचिंग पढ़ने जा रहे तीन छात्रों को बस ने रौंद डाला, मौके पर हुई मौत
नवादा। बिहार के नवादा जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अकौना डी गांव के पास शुक्रवार की सुबह पटना-रांची मेन रोड पर यात्रियों से खचाखच भरी बस और बाइक की भीषण टक्कर होने से तीन छात्रों की मौत हो गई। बाइक पर ट्रिपल राइडिंग के चलते तीनों किशोरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक को टक्कर मारने के बाद आरोपित चालक बस लेकर भागने में कामयाब रहा।
Recommended Video

वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, छात्रों की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के चिरैया गांव निवासी सुरेंद्र प्रसाद के 16 वर्षीय पुत्र बलजीत कुमार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खालसा ढिबरी गांव निवासी राधेश्याम प्रसाद के 16 वर्षीय पुत्र निवास कुमार और मिलकी ढिबरी गांव निवासी अशोक कुमार शर्मा के 17 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार शामिल है।
तीनों इंटर द्वितीय वर्ष के छात्र थे। बलजीत पांच सालों से चालसा ढिबरी स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। बलजीत के मामा मिथिलेश कुमार ने बताया कि तीनों छात्र रोज की तरह बाइक से नवादा शहर की तरफ रहने वाले रघुनंदन सर के यहां ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे।
एक ही बाइक पर तीनों छात्र सवार थे। अकौना डीह गांव के समीप रांची की ओर से आ रही बस ने सीधी टक्कर मार दी, जिससे तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक बस को लेकर बिहारशरीफ की ओर भाग निकला।
बीच सड़क पर दुर्घटना होने के चलते कुछ पल के लिए जाम लग गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस घटनास्थल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इसकी सूचना मिलते ही मृतकों के स्वजन सदर अस्पताल पहुंच गए। घटना में तीनों की मौत की खबर मिलते ही घर के साथ गांव में कोहराम मच गया। तीनों के परिवार के साथ ही ग्रामीण शोक में डूब गए।












Click it and Unblock the Notifications