नवादाः बुखार के चलते एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, इलाके में मेडिकल टीम तैनात
नवादा। बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बारातांड गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की बुखार के चलते मौत हो गई। एक हफ्ते पहले अलग-अलग दिनों में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हुई थी। मेडिकल टीम की जांच के बाद दो लोगों को गंभीर हालत में नवादा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए एक महिला को पावापुरी रिम्स रेफर कर दिया गया था, जहां सोमवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जबकि बच्ची का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से बुखार से पीड़ित लोगों का नवादा सदर अस्पताल में बड़े चिकित्सकों की टीम इलाज कर रही है।

शुरुआती दौर में पाया गया है कि बच्ची को सिर दर्द और तेज बुखार से पीड़ित पाया गया है। बच्ची में टाइफाइड भी पाया गया है। खून में हीमोग्लोबिन की भी कमी पाई गई है। अस्पताल में बाहर से दवा लाकर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के चिकित्सकों ने इसे पीएमसीएच रेफर कर दिया था, लेकिन मरीज के परिजन जाने को तैयार नहीं थे। ऐसे में बच्ची का रात से ही कड़ी निगरानी में इलाज शुरू है। रामविलास राम की तीन बेटियां रिंकी कुमारी, करिश्मा कुमारी, लालो कुमारी और उनकी भाभी सोनम देवी की अब तक मौत हो चुकी है।
वहीं बच्ची निभा कुमारी का इलाज चल रहा है। परिवार के सभी लोग डर के माहौल में जी रहे हैं। लगातार चार मौत के बाद परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक के बाद एक कुल 4 लोगों की मौत होने के बाद जिलाधिकारी यशपाल मीणा पीड़ित के गांव बारातांड पहुंचे। मेडिकल की एक बड़ी टीम को लेकर पहुंचे डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने इलाके के पानी को भी जांचने के आदेश दिए हैं। साथ ही साथ पूरे गांव में लोगों को शत प्रतिशत कोरोना वैक्सीन देने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications