Jehanabad News: राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कालजई रचना,रश्मिरथी के नाट्य मंचन की जमकर हुई तारीफ़
Jehanabad News: 5 अक्टूबर 2024 शनिवार को जहानाबाद के अब्दुल बारी नगर भवन में एक बार फिर कला का मंच सजा। घोसी विधायक घोसी रामबली सिंह यादव और जहानाबाद जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।
जहानाबाद के कला मर्मज्ञ में शाम के वक्त राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कालजई रचना, रश्मिरथी के नाट्य मंचन का लोगों ने लुत्फ़ उठाया। कला मंच धनबाद के कलाकारों के द्वारा रश्मिरथी के सातों सर्गो के नाट्य रूपांतरण की पेशकश की। एक-एक सर्ग एक के बाद एक मंच पर कलाकार अपने हुनर का परचम लहराया।

पहले सर्ग में कर्ण और दुर्योधन की दोस्ती का नज़ारा दिखाया गया, वहीं दूसरे सर्ग में कर्ण की गुरुभक्ति और परशुराम का श्राप का नाट्य रुपांतरण देखने को मिला। तीसरे सर्ग में श्री कृष्ण का शांति प्रस्ताव और कर्ण को उसके अस्तित्व का ज्ञान के बारे में दिखाया गया।
चौथे सर्ग में देवराज इंद्र का कर्ण से कवच-कुंडल का दान मांगना और बदले में कर्ण को अभेद शक्ति देने का नजारा दिखाया गया। पांचवें सर्ग में कर्ण और कुंती का मिलाप, छठे सर्ग में भीष्म पितामह के बाणों की शैया पर लेटने के बाद कर्ण का भीष्म से आशीर्वाद मांगना और सातवें और अंतिम सर्ग में कर्ण के वध का नाट्य रुपांतरण देखने को मिला।
मंच के सामने बैठे दर्शकगण कर्ण की दुविधा,उसकी दानवीरता, मित्र के प्रति आस्था, त्याग, सभी भावों से दो-चार होते रहे। वहां मौजूद लोगों से लेकर जिला पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी और जिला के अन्य कला प्रेमियों ने भी इस पेशकश की जमकर तारीफ़ की।
कार्यक्रम के अंत में माननीय विधायक घोसी, रामबली सिंह यादव एवं जिला पदाधिकारी, अलंकृता पांडे के द्वारा रश्मिरथी के नाट्य प्रस्तुति के निदेशक एवं कलाकारों सहित कला निकेतन, धनबाद की पूरी टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कला ,संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आज का यह कला को समर्पित आयोजन, जहानाबाद जिला के कला प्रेमियों के स्मृति चिन्ह पर लंबे समय तक अपनी छाप बनाए रखेगा।












Click it and Unblock the Notifications