महागठबंधन में शामिल हुए मुकेश सहनी, RJD ने अपने कोटे से VIP को दी ये 3 सीटें
मुकेश सहनी को आखिरकार ठिकाना मिल गया है। वे महागठबंधन में शामिल हो गए है। तेजस्वी यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टी को 3 सीटें मिली हैं। ये सीटें आरजेडी ने उन्हें अपने कोटे से दी हैं।
इससे पहले एनडीए और महागठबंधन में से किसी से शुरुआती तौर पर उनकी बात नहीं बन सकी थी। लेकिन अब जाकर आरजेडी से उनकी डील पूरी हो पाई है। राजद अध्यक्ष लालू यादव की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद तेजस्वी यादव ने पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर इसकी घोषणा की।

इससे पहले खबर आई थी कि मुकेश सहनी के सामने आरजेडी ने विलय का प्रस्ताव रखा था, जिसे उन्होंने खारिज कर दिया था। आरजेडी ने वीआईपी को अपने कोटे से तीन सीटें झंझारपुर, गोपालगंज और मोतिहारी दी हैं। मुकेश सहनी को मुजफ्फरपुर सीट नहीं मिल पाई है। वो इस सीट पर कई सालों से मेहनत कर रहे थे। मुजफ्फरपुर सीट महागठबंधन में कांग्रेस को मिली है।
मुकेश सहनी को खगड़िया सीट भी नहीं मिली है। पिछली बार वो इस सीट पर खुद उतरे थे जिसमें उन्हें हार नसीब हुई थी। इस बार ये सीट सीपीएम के खाते में चली गई है। मुकेश सहनी की नजर दरभंगा सीट पर भी थी। यहां पर मलाह जाति के लोग अच्छी तादाद में हैं मगर ये सीट भी उन्हें नहीं मिली। इसके अलावा सहनी ने वैशाली सीट की भी मांग की थी जिसे ठुकरा दिया गया। कहा जा रहा है कि आरजेडी ने वीआईपी को वहीं 3 सीटें दी हैं जो उन्हें सबसे कमजोर लगी। यहां पर आरजेडी को योग्य प्रत्याशी नहीं मिल रहा थे।
तेजस्वी यादव ने कहा, 'तेजस्वी ने कहा कि मुकेश सहनी मेरे बड़े भाई हैं। उन्होंने बहुत मेहनत की। लोगों की समस्याओं को उठाने का प्रयास किया। जिस तरह से भाजपा ने उनके दल को तोड़ने की घोषणा की, उसे सब ने देखा। मुझे खुशी है कि मुकेश सहनी अब महागठबंधन के साथ हैं। महागठबंधन के सभी सहयोगी हमारे गठबंधन में उनका स्वागत करते हैं। मुकेश सहनी ने भारतीय लोकतंत्र के पक्ष में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।'
तेजस्वी ने आगे कहा, 'पूरे देश में चुनाव का दौर चल रहा है। 400 सीटों का दावा करने वालों को बिहार धूल चटा देगा। यहां आश्चर्यजनक नतीजे आने वाले हैं। हम प्रगतिशील हैं और हमारे पास बिहार के विकास के लिए एक दृष्टिकोण और एक रोडमैप है। हम देख रहे हैं कि कैसे संविधान को दबाया जा रहा है। अगर संविधान से समझौता किया गया तो लोकतंत्र को नुकसान होगा। वे देश में तानाशाही लागू करना चाहते हैं।'
मुकेश सहनी ने कहा कि आज हमलोग इंडी गठबंधन के साथ आए हैं। हमलोग लालू प्रसाद की विचारधारा पर चलने वाले लोग हैं। आपने देखा कि किस तरह से भाजपा ने हमारे विधायकों को खरीद लिया। हमारे सहयोग से सरकार बनाई और हमें ही बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसके बाद हमलोग गांव-गांव घूमे जनता के बीच गए।
मुकेश सहनी ने निषाद समाज को आरक्षण देने की बात कही। मैं कर्पूरी ठाकुर और लालूजी के रास्तों पर चलने के लिए इंडी गठबंधन में आया हूं। हमलोग 40 की 40 सीटों पर जीतेंगे। पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार और स्वास्थ्य की बात करते हैं, लेकिन आज गरीब के पास रोजगार नहीं है। उनका इलाज नहीं हो पा रहा है।
आपको बता दें कि पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आरजेडी और मुकेश सहनी के बीच गठबंधन टूट गया था। तब मुकेश सहनी ने कहा था कि तेजस्वी ने उनकी पीठ में छूरा भोंकने का काम किया है।












Click it and Unblock the Notifications