Bihar Politics: NDA और INDIA की सियासत से अलग सियासी बिसात बिछा रहे मुकेश, जानिए क्या है प्लान?
Mukesh Sahni News: बिहार में आगामी चुनाव को लेकर सियासी पार्टियों ने राजनीतिक ज़मीन तैयार करनी शुरू कर दी है। NDA और INDIA की सियासी जंग से अलग, VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी अपनी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। विकासशील इंसान पार्टी की तरफ़ से आरक्षण यात्रा निकाली गई है।
VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि निषादों के लिए आरक्षण यात्रा निकालने का मकसद बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में निषाद समाज के लिए आरक्षण दिलवाना है, सरकार से आरक्षण देने की मांग है।

मुकेश सहनी ने कहा कि 100 दिनों के लिए निकाली गई, आरक्षण यात्रा 4 नवंबर को ख़त्म होगी। यात्रा के दौरान 3 प्रदेशों के 80 ज़िलों में अपने लोगों के बीच जाकर, हर एक घर में पार्टी की विचारधारा पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि ना हम NDA और ना ही INDIA के साथ है। हम अपने लोगों और अपनी पार्टी के साथ हैं।
मुकेश सहनी ने कहा कि दिल्ली और बंगाल में निषाद समुदाय के लोगों को आरक्षण की सुविधा मिल रही है। इस तरह बिहार,झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी निषाद समाज को आरक्षण मिलना चाहिए। बिना आरक्षण के गठबंधन नहीं करेंगे।
विपक्षी पार्टियों (NDA और INDIA) की बैठक में न्योता पर वह गोल मटोल जवाब देते नज़र आए। वहीं नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और अमित शाह से संबंध पर कहा कि सभी से ताल्लुकात अच्छे हैं। हमारी विचारधारा की लड़ाई है।
मुकेश सहनी ने कहा कि हम निषाद समाज के भविष्य को संवारने के लिए काम कर रहे हैं। पांच साल तक निषाद विकास संघ के बैनर तले बिहार में काम किया। 2018 में पार्टी बनाने के बाद 2020 के चुनाव में VIP के समर्थन से बिहार में सरकार बनी।हमारे साथ इन लोगों ने ग़लत किया, गरीब समाज के बेटा को कुचलकर गठबंधन से बाहर किया गया।
हमारे विधायकों को किसने तोड़ा, मंत्री पद से हटाया यह सभी लोग जानते हैं। मुकेश सहनी ने साफ करते हुए कहा कि जो निषाद समाज को आरक्षण देगा, हम उसके ही साथ जाएंगे। निषाद समाज के साथ भेदभाव किया जा रहा है। देश भर में एक जैसा आरक्षण होना चाहिए। अपने समाज के लिए लड़ाई लड़नी है।









Click it and Unblock the Notifications