मुलाकात के दौरान मुकेश सहनी ने PM मोदी को गिफ्ट की चांदी की मछली और फिर ट्वीट कर बताई वजह
पटना। जातीय जनगणना को लेकर सोमवार को बिहार के सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पीएम मोदी से दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार के साथ बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी, विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी, कांग्रेस नेता अजीत शर्मा सहित कुल 11 नेताओं ने मुलाकात की और बिहार में जातीय जनगणना करवाने की मांग रखी। इस बैठक की खास बात यह रही कि वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश में मंत्री मुकेश सहनी ने पीएम मोदी को चांदी की मछली गिफ्ट की। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर इस गिफ्ट का कारण भी बताया।

ट्वीट कर उन्होंने लिखा कि बिहार में एक कहावत है कि मछली से किसी काम की शुरुवात या जतरा शुभ होता है इसलिए मैंने माननीय प्रधानमंत्री जी को चांदी का मछली सप्रेम भेंट किया। वहीं दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मैंने भी जातीय जनगणना एवं समाज के अन्य मुद्दों को माननीय प्रधानमंत्री जी के सामने रखा। आशा है कि माननीय प्रधानमंत्री जी जातीय जनगणना के मामले में सकारात्मक निर्णय लेंगे।
इसके अलावा उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि आज माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात किया। बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने अपना विचार रखा। सबकी एकमत थी कि देश में जातीय जनगणना होनी चाहिए।
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज कई राजनीतिक दलों के प्रतनिधियों के साथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि पीएम ने सभी सदस्यों की जाति आधारित जनगणना की मांग की बात को सुना। हमने प्रधानमंत्री से अपील की कि वह इसपर उचित फैसला लें। हमने बिहार विधानसभा में जातिगत जनगणना को लेकर दो बार जो प्रस्ताव पास किया गया है उसकी भी जानकारी दी। बिहार के लोग और पूरे देश के लोग जातिगत जनगणना के पक्ष में राय रखते हैं। हम प्रधानमंत्री के शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने हमारी बात को सुना। अब उन्हें ही इसपर फैसला लेना है।












Click it and Unblock the Notifications