पप्पू यादव के नेतृत्व में बिहार में चक्का जाम , कई गाड़ियों में तोड़फोड़
पटना। बिहार की कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार मामले को लेकर रविवार को जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। जगह-जगह गाड़ियों को रोकते हुए जमकर प्रदर्शन किया तो सुबह से ही रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया। रेल और सड़क मार्ग को जाम करने के कारण यात्रियों में काफी परेशानी देखने को मिली। वहीं इसका नेतृत्व कर रहे पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव ने खुद राजेंद्र नगर टर्मिनल पर जाकर ट्रेन को रोकते हुए राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया।

पप्पू यादव ने रोक दी ट्रेनें
मिली जानकारी के अनुसार, समान काम के लिए सामान्य वेतन समेत कई मांगों को लेकर जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष और कार्यकर्ता ने और सड़क मार्ग को जाम करते हुए राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसका असर रविवार को सुबह से ही सड़कों पर देखने को मिला। जहां राजधानी पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल पर जाकर पप्पू यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ एक्सप्रेस ट्रेनें रोक दी तो रेलवे ट्रैक पर समर्थकों के साथ सांसद ने कहा कि जाप प्रदर्शन सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन है।

जीआरपी ने सांसद को ट्रैक से हटाया
जन अधिकार पार्टी प्रदर्शन से सड़क से लेकर रेलवे ट्रैक तक काफी जाम देखने को मिला। हलांकि मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस के जवानों ने सांसद को ट्रैक से हटाया जिसके बाद रेलवे का परिचालन शुरू हुआ। इस दौरान पप्पू यादव ने कहा कि सरकार बालू माफियाओं पर कार्रवाई नहीं कर रही है। सरकार को बताना चाहिए कि किस नेता और अधिकारी ने बालू का अवैध कारोबार किया। जब ऐसे लोगों पर केस दर्ज हो गया है तो नीतीश कुमार और सुशील मोदी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं?

यातायात प्रभावित, लोग परेशान
बिहार में कानून और व्यवस्था को लेकर जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नीतीश सरकार के खिलाफ जहानाबाद, खगड़िया, बाढ़, आरा, बक्सर समेत कई जगहों पर भी रेलवे ट्रैक और सड़क को जाम कर दिया जिससे गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान रेल परिचालन एवं सड़क मार्गों पर यातायात घंटों प्रभावित हुई। पटना में जन अधिकार पार्टी के समर्थकों ने बड़ी पहाड़ी के पास एनएच 30 को जाम कर दिया।

'विधानसभा का करेंगे घेराव'
प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की। साथ ही पप्पू यादव ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व अपराध चरम पर है। पप्पू यादव ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर सरकार जन अधिकार पार्टी की मांगों पर विचार नहीं करती है तो 16 दिसंबर को वे संविदाकर्मियों के साथ विधानसभा का घेराव करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications