राजनीतिक वफादारी पर रिश्ते का कत्ल, मामा JDU और भांजा RJD समर्थक, MP के गुना में मामाओं ने ली भांजे की जान
MP Ke Guna Me Bihari Mazdoor Ki Hatya News: बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर हुई बहस ने मध्य प्रदेश के गुना में एक दिल दहला देने वाली त्रासदी को जन्म दे दिया। राजनीति की तरफदारी जिस क्षण नशे में बहस बनी, उसी क्षण रिश्तों का खून हो गया। बिहार के शिवहर जिले का रहने वाला 22 वर्षीय मजदूर शंकर मांझी, जो RJD समर्थक था, अपने ही दो मामाओं राजेश मांझी (25) और तूफानी मांझी (27) के हाथों मौत का शिकार हो गया। दोनों मामा JDU के समर्थक बताए जा रहे हैं।
यह दर्दनाक घटना कैंट थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन पुलिस लाइन परिसर में घटी, जहां तीनों मजदूरों के रूप में ठहरे हुए थे। रात में शराब पीने के बाद हुई राजनीतिक चर्चा अचानक तीखी बहस में बदल गई और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। बयान के अनुसार, झगड़े के दौरान राजेश और तूफानी ने शंकर को खींचकर पास के कीचड़ वाले हिस्से में गिरा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और शंकर को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कैंट थाना प्रभारी अनूप भार्गव ने बताया कि शुरुआती जांच में राजनीतिक विवाद की वजह की पुष्टि हुई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिश्तों की मर्यादा और मानवता दोनों की हत्या
चुनावी बहस जब शराब, गुस्से और ज़िद्द के साथ मिल जाती हैं, तो रिश्तों की मर्यादा और मानवता दोनों की हत्या हो जाती है। गुना की यह घटना सामाजिक चेतावनी है। वनइंडिया की अपने पाठकों से अपील है कि राजनीतिक मतभेद विचारों तक रखे, हिंसा में नहीं बदलने दें। क्योंकि चली गई जान वापिस नहीं आ सकती।












Click it and Unblock the Notifications