रामकृपाल यादव के समर्थन में पटना पहुंचे CM मोहन यादव, कांग्रेस पार्टी को लिया आड़े हाथों
Lok Sabha Election 2024: पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी रामकृपाल यादव के समर्थन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पटना पहुंचे। यहां मानेर में रामकृपाल के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी मौजूद थे। इस दौरान सीएम मोहन यादव और चिराग पासवान इंडी गठबंधन पर जमकर बरसे।
एमपी सीएम मोहन यादव ने भाजपा के नारे "सबका साथ सबका विकास" पर जोर देते हुए कहा कि यह सिर्फ जुमलेबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश जैसे साढ़े आठ करोड़ आबादी का इतना बड़ा राज्य, लेकिन मुझे मुख्यमंत्री बनाकर एक गरीब परिवार को इतना बड़ा सम्मान दिया है। यह केवल बीजेपी वाले ही कर सकते हैं।

उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ पर प्रकाश डालते हुए कहा, "बिहार का इतिहास समृद्ध है, जिसका स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान है। अंग्रेजों ने हमें हमारी जड़ों से काट दिया और हमारी सभ्यता को स्कूलों में नहीं पढ़ाया जाता।"
सीएम यादव ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा, "1832 में लॉर्ड मैकाले ने हमें हमारे देवताओं से दूर कर दिया। आजादी के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने हमारे देवताओं का सम्मान नहीं किया। एक ही परिवार की पांच पीढ़ियां प्रधानमंत्री बन गईं।"
उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयान पर तंज करते हुए कहा, "राहुल गांधी ने कहा कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो वे तुरंत गरीबी हटा देंगे। कांग्रेस ने 55 साल तक सरकार चलाई, लेकिन गरीबी नहीं हटाई।" सीएम यादव ने मतदाताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मज़बूत करने के लिए एनडीए उम्मीदवार रामकृपाल यादव का समर्थन करने का आग्रह किया।












Click it and Unblock the Notifications