बिहारः ' माउंटेन मैन ' दशरथ मांझी की बेटी लौंगी देवी का निधन, सीएम नीतीश कुमार ने जताया दुख
पटना। पूरे विश्व में माउंटेन मैन के नाम से प्रसिद्ध दशरथ मांझी की बेटी 70 वर्षीय लौंगी देवी का निधन शुक्रवार को हो गया। लौंगी देवी काफी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनका इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक करीब एक हफ्ते पहले लौंगी देवी को मगध मेडिकल अस्पताल से पटना रेफर किया था लेकिन उनके परिजन उन्हें घर लेकर चले गए। शुक्रवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक माउंटेन मैन दशरथ मांझी जब पहाड़ काटकर गहलौर से वजीरगंज का रास्ता बना रहे थे तब पहाड़ तोड़ने और पत्थरों को किनारे लगाने में उनकी बेटी लौंगी देवी ने भी हाथ बंटाया था। बता दें कि दशरथ मांझी की दो संतान हैं। बेटा भागीरथ मांझी और बेटी लौंगी देवी।
माउंटेन मैन की बेटी के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि माउंटेन मैन दशरथ मांझी जी की पुत्री लौंगी देवी जी का निधन दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। वहीं दशरथ मांझी के परिवार को हुए इस नुकसान पर बिहार मुख्यमंत्री के कार्यालय से भी नोट जारी किया गया है।
गांव वालों ने बताया कि लगातार 22 साल तक पहाड़ तोड़कर रास्ता बनाने वाले माउंटेन मैन दशरथ मांझी की कहानी जब देश-दुनिया ने जानी तो गहलौर पर्यटक स्थल जैसा हो गया। जो भी गहलौर आता, लौंगी देवी से जरूर मिलता। वह लोगों को बताती थीं कि रास्ता नहीं होने के चलते उनकी मां की मौत हो गई। इस घटना के चलते उनके पिता काफी दुखी थे। इसलिए उन्होंने निश्चय किया कि वह पहाड़ के दो टुकड़े कर देंगे।












Click it and Unblock the Notifications