मोतिहारीः जीप में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौके पर तीन की मौत
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के छगराहा गांव के पास छपवा-मोतिहारी मुख्य सड़क पर भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बुधवार की सुबह अखबार ले जा रही जीप में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जीप के परखच्चे उड़ गए थे। सड़क दुर्घटना में जीप ड्राइवर सहित तीन लोगों की मौत मौके पर ही गई। अखबार लदी कमांडर जीप मोतिहारी की तरफ जा रही थी। इस बीच ही दूसरी तरफ से आ रही किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी।

हालांकि किस गाड़ी ने टक्कर मारी है। इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है। घटनास्थल पर दूसरी गाड़ी के कोई निशान नहीं मिले हैं। आरोपित ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। करीब दो घंटों के बाद शवों को बाहर निकाला गया। गाड़ी के अंदर लोगों की लाश फंस गई थी। उसे निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
तीनों शव की हुई पहचान
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही सुगौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीनों शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया है। घटनास्थल पर जांच की जा रही है। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान हो गई है। मरने वालों में मुजफ्फरपुर भगवानपुर के गुड्डू ठाकुर, बेतिया के सिवनीबाग के रहने वाले मदन पांडेय, बेतिया थाना सिकटा के झुमका बहरा निवासी नसरुद्दीन शेख शामिल हैं। सभी के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications