बिहार के बांका में बड़ा हादसा, सड़क हादसे में 4 कांवड़ियों की मौत, कई घायल
बिहार के बांका जिले में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सड़क हादसे में 4 कांवड़ियों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि कांवड़ियों पर एक अनियंत्रित गाड़ी चढ़ गई, जिसकी वजह से 4 कांवड़ियों की मौत हो गई।
ये सभी कांवड़िए सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर गौड़नाथ महादेव मंदिर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर बिपिन बहारी ने कहा कि कुछ कांवड़ियों को गाड़ी ने टक्कर मार दी, जिसकी वजह से 4 की मौत हो गई। शुरुआत में इस हादसे के बाद कानून-व्यवस्था की दिक्कत आई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है। मौके पर पुलिस बल मौजूद है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी में आग लगा दी थी।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम मनीष कुमार ने कहा कि हम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए थे, तकरीबन 10-11 लोग घायल हुए थे, इनका इलाज चल रहा है। जबकि 4 लोगों की मौत हो गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालात अब शांतिपूर्ण हैं, प्रशासन पूरी तरह से सहयोग कर रहा है, हम घटना की जांच करेंगे।
इस बीच शुक्रवार रात यूपी के सिद्धार्थनगर में एक धार्मिक स्थल से श्रद्धालुओं को ले जा रही एक निजी बस भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस ने नियंत्रण खो दिया और ढेबरुआ पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले बलरामपुर रोड पर एक खड्डे में गिर गई। सभी पीड़ितों की पहचान शोहरतगढ़ तहसील के महानकोला गांव के निवासियों के रूप में की गई।












Click it and Unblock the Notifications