मधुबनीः बेनीपट्टी नरसंहार आरोपितों के घर में लगाई आग, करणी सेना ने सरकार से की न्याय की मांग
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में हुए नरंसहार के तीन आरोपितों के घर में असमाजिक तत्वों ने आगजनी कर दी। यह घटना गांव में करणी सेना के आने से कुछ वक्त पहले ही घटी। वहीं नरसंहार के पीड़ितों से मिलने पहुंची करणी सेना ने पटना घेरने का ऐलान कर दिया है। बेनीपट्टी के महमदपुर में एक ही परिवार के तीन भाइयों समेत पांच की हत्या मामले के पीड़ित परिजनों से मिलने के बाद पत्रकारों से राजपूत करनी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह ने बात की।

इस दौरान उन्होंने कहा कि महमदपुर में नरसंहार हुआ है। अगर जल्द ही पीड़ित परिजनों को न्याय नहीं मिला तो हम पटना को घेरेंगे। इसके लिए जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। पत्रकारों से बातचीत के दौरान महिपाल सिंह ने मांग रखी कि न्याय के लिए फास्ट ट्रैक के तहत हत्यारों को शीघ्र सजा दी जाय। मृतक के परिजनों को एक-एक करोड़ मिले। परिजनों को सरकारी नौकरी दी जाय।
उन्होंने कहा कि इलाजरत मनोज सिंह को दिल्ली शिफ्ट करने की जरूरत है। सरकार को इस खर्च को उठाना चाहिए। यदि सरकार नहीं करती है तो करनी सेना इस खर्च को उठाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसा नही करेगी तो हमलोग आज यही तय करने के लिए महमदपुर आये हैं कि हमें क्या करना है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही जिले की पुलिस ने इस नरसंहार के मुख्य आरोपित प्रवीन झा समेत पांच लोगों को नेपाल से गिरफ्तार किया।
वहीं जिले की इस घटना ने प्रदेश की सियासी गलियारों में भूचाल मचा रखा है। विपक्ष एक तरफ सरकार को इस मामले पर घेरने की कोशिश कर रही है। वहीं सरकार न्याय करने का भरोसा दिला रही है। बता दें कि कुछ दिन पूर्व तेजस्वी यादव महमदपुर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला था।












Click it and Unblock the Notifications