मधुबनीः नशे का इंजेक्शन देकर लड़की को किया बेहोश फिर पूरी रात भाई के दोस्त सहित चार युवकों ने किया गैंगरेप
मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में 16 साल की नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। नाबालिग लड़की के साथ चार लड़कों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। सामूहिक दुष्कर्म करने वाले चारों आरोपित पीड़िता के ही गांव के निवासी हैं। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के झंझारपुर ताना क्षेत्र में 13 अगस्त की रात को पीड़िता हैंडपंप पर थाली धोने गई थी, जहां घात लगाकर बैठे चार युवकों ने उसे अगवा कर लिया और नशे का इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद पूरी रात नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप किया और बेहोशी की हालत में घर के पास पीड़िता को छोड़कर फरार हो गए।

इसके बाद जब परिजनों ने लड़की को बेहोशी की हालत में देखा तो उसे झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां होश में आने के बाद पीड़िता ने अपने साथ हुई हैवानियत की घटना की जानकारी दी। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर झंझारपुर थाने में चार युवकों पर नाबालिग को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप के आरोप में नामजद केस दर्ज किया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
मामले में झंझारपुर के SDPO आशीष आनंद ने बताया कि पीड़िता को इंसाफ मिलेगा। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ 376 डी, 366 और पोक्सो अधिनियम सहित अन्य धाराओं में FIR दर्ज की गई है।
पीड़िता के भाई का दोस्त है एक आरोपी
मामले को लेकर झंझारपुर थाना प्रभारी सह ट्रेनी डीएसपी नेहा कुमारी ने बताया कि पीड़िता के पिता ने 16 अगस्त को थाने में आवेदन दिया था, जिसके आधार पर 25 वर्षीय सुनील भंडारी, 25 वर्षीय सुशील भंडारी, 26 वर्षीय प्रदीप कुमार कामत और 21 वर्षीय सुरेंद्र कुमार भंडारी के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश भी जारी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सुशील भंडारी पीड़िता के भाई का दोस्त बताया जा रहा है। मामले में यह भी जानकारी सामने आ रही है कि आरोपियों में से एक सुशील भंडारी अप्रैल के महीने में पीड़िता को अपने साथ कहीं ले गया था और बाद में किसी होटल में छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications