मधुबनीः SSB कैंप में 20 जवान कोरोना संक्रमित, मचा हड़कंप
मधुबनी। बिहार में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। आम लोगों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के नेता, डॉक्टर और सेना के जवान भी संक्रमित होने शुरू हो गए हैं। इस बीच बड़ी खबर सामने आई है कि मधुबनी के राजनगर एसएसबी कैंप में रैपिड एंटीजन किट से 76 जवानों की कोरोना जांच की गई थी। इनमें से 20 जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले कैंप के तीन जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इन नए मामलों के साथ ही राजनगर एसएसबी कैंप के 23 जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इससे कैंप के साथ ही आसपास के इलाकों में भी हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को राजनगर एसएसबी कैंप में 76 जवानों की रैपिड एंटीजन किट से जांच की गई थी, जिसमें 20 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी कोरोना संक्रमित जवानों को कोविड केयर सेंटर रामपट्टी में भर्ती कराया गया है। राजनगर पीएचसी के लैब टेक्नीशियन इसमाहतुल्ला उर्फ गुलाब का कहा है कि कैंप में मौजूद कुछ जवानों को सर्दी-खांसी की शिकायत होने पर बुधवार को राजनगर एसएसबी कैंप में 76 जवानों की रैपिड एंटीजन किट से कोरोना जांच की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पॉजिटिव पाए गए 23 जवानों में से महज 7 लोगों में कोरोना के लक्षण मिले हैं, बाकी 16 जवानों को कोई परेशानी फिलहाल नहीं है। मधुबनी के सिविल सर्जन डॉ. सुनील कुमार झा का कहना है कि मरीजों के लिए कोविड केयर सेंटर में बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पूरी तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कोरोना वार्ड में पर्याप्त बेड की व्यवस्था होने के साथ ही गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू भी तैयार किया गया है। वहीं, आइसोलेशन वार्ड में डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की चौबीसों घंटे ड्यूटी लगाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications