बिहार में मोदी भरेंगे लोकसभा चुनाव की हुंकार, नीतीश रहेंगे मंच पर, बेतिया में 4 फरवरी को जनसभा
PM Modi Rally In Bihar: बिहार में लोकसभा चुनाव से पहले हुए सत्ता परिवर्तन से 'इंडिया गठबंधन' की नींद उड़ गई है। भाजपा ने बिहार की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया है। लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में भाजपा की राजनीतिक ज़मीन मज़बूत करने के लिए 4 फरवरी को पीएम मोदी बिहार पहुंच रहे हैं।
बिहार में हुई सत्ता परिवर्तन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला दौरा है। 4 फरवरी को करीब डेढ़ बजे तक पीएम मोदी बेतिया पहुंचने वाले हैं। बेतिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 20 हज़ार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

पीएम मोदी के बेतिया दौरे के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मंच भी साझा करेंगे। ग़ौरतलब है कि इससे पहले पीएम मोदी ने बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान से लोकसभा चुनाव की प्रचार तेज़ करते आए हैं। पहली बार वह बिहार के बेतिया से अपनी चुनावी जनसभा का आगाज़ करने जा रहे हैं।
सियासी जानकारों की मानें तो पीएम मोदी के बिहार दौरे के बाद प्रदेश के सियासी समीकरण और ज्यादा बदलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम किया और उसके बाद बिहार के पूर्व सीएम कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का फ़ैसला लिया।
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले यह पीएम मोदी का मास्टरस्ट्रोक है। इससे देश में पीएम मोदी का क़द और बढ़ गया है। वहीं बिहार के करीब 40 फीसदी पिछड़े और अति पिछड़े समुदाय के वोट बैंक पर भाजपा ने क़ब्ज़ा जमा लिया है।
राजद और जदयू के सियासत की नींव इन्ही वोट बैंक पर पड़ी थी। अब भाजपा ने उसे अपने क़ब्ज़े में करना शुरू कर दिया है। बिहार में बदले सियासी समीकरण के तुरंत बाद पीएम मोदी की सभा से आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को काफी फ़ायदा पहुंचने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications