'13 बार काहे आ रहे बिहार..?', तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर पलटवार, कहा-नारे आप लगा लो, श्री राम हमारे साथ!
Tejaswi Yadav, Bihar Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव के छट्ठे चरण का मतदान 25 मई को होना है। इस चरण में बिहार के 8 सीटों पर वोटिंग की जानी है। राज्य भर में चुनाव प्रचार जोर शोर से चल रहा है। इसी बीच पीएम मोदी भी 21 मई को बिहार के छपरा में चुनाव प्रचार के सिलसिले में पहुंचे थे। जहां उन्होंने विपक्षी एकता पर जमकर निशाना साधा।
पीएम मोदी के आरोपों पर 'आरजेडी के राजकुमार' कहे जाने वाले बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी ने पलटवार किया। तेजस्वी ने पीएम और भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए को डरा हुआ बताया। साथ ही राम नाम की राजनीति करने वाली भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि नारे भले वो लगाएं पर भगवान राम हमारे (इंडी गठबंधन) के साथ हैं।

'पीएम मोदी डरे हुए हैं इसलिए बार-बार आ रहे बिहार'
दरअसल, महागठबंधन की जनसभाओं को संबोधित करने के बाद मंगलवार की शाम तेजस्वी यादव पटना पहुंचे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते वक्त उनसे जब मीडिया ने पीएम मोदी द्वारा रैली में इंडी गठबंधन की हार को लेकर किए गए दावों पर सवाल किया तब उन्होंने कहा कि ऐसी की बात है तो पीएम बार-बार बिहार क्यों आ रहे हैं।
दरअसल पीएम नरेंद्र मोदी ने छपरा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि इंडी एलायंस पांचवें फेज का चुनाव हार चुकी है। इसपर पलटवार करते हुए तेजस्वी ने कहा, "जब ऐसी बात है तब 13 बार बिहार काहे ला आ रहे हैं.. ? अपने घर में बैठें और रिजल्ट का इंतजार करें। प्रधानमंत्री के पास कुछ कहने के लिए नहीं बचा है। मोदी जी यह बात जान चुके हैं कि इंडिया एलायंस सच में 300 का आंकड़ा पार कर चुका है और हमलोग सरकार बनाने जा रहे हैं।"
'नारे चाहे वो लगा लें, भगवान राम हमारे साथ हैं!'
तेजस्वी ने बीजेपी की 'अब की बार, चार सौ पार' के नारे पर तंज कसते हुए दावा किया की एनडीए के लिए 400 तो दूर, 240 सीट लान भी मुश्किल हो गया है। प्रधानमंत्री के छपरा में 'जय श्री राम' के नारे को लेकर तेजस्वी ने कहा कि वो चाहे कितने भी नारे लगा लें, भगवान राम हमारे साथ हैं।
तेजस्वी ने कहा, "वह नारा लगा रहे हैं, ठीक तो है। वह तो सिर्फ नारे लगा रहे हैं लेकिन भगवान राम हमारे साथ हैं। रामजी का आशीर्वाद हमारे साथ है। चिंता की कोई बात नहीं है। मन में मेरे भगवान बसे हैं। हमें अपने कर्म पर विश्वास है। मोदी जी बिहार आते हैं लेकिन काम की बात नहीं करते। पहले लालू-लालू करते थे आज तेजस्वी-तेजस्वी कर रहे हैं।"
तेजस्वी के यूनिक चुनाव प्रचार का वीडियो वायरल
बता दें, बिहार में छट्ठे और सातवें चरण में 8-8 सीटों पर मतदान होना है। तबियत खराब होने के बावजूद भी तेजस्वी लगातार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। तेजस्वी का जनसभाओं के दौरान स्पीकर पर पीएम मोदी के पुराने भाषणों के ऑडियो क्लिप सुनाने का वीडियो भी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
इन ऑडियो में पीएम मोदी बढ़ती महंगाई और गैस सिलिंडरों की कीमतों को लेकर उस वक्त की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते सुने जा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications